टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से अचानक बाहर होकर फैंस को हैरान कर दिया है. उन्होंने रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर वापसी की थी. हैरानी की बात ये है कि शो से बाहर होने से पहले गौरव ने एलिमिनेशन टास्क भी जीत लिया था. इसके बावजूद उन्होंने बीच में ही शो छोड़ने का फैसला किया. अब गौरव ने अपने नए व्लॉग में बताया है कि आखिर उन्हें ये फैसला क्यों लेना पड़ा.
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में क्या हुआ?
शो के आखिरी एलिमिनेशन स्टंट में रूहानिका धवन, रुबीना दिलैक और गौरव खन्ना आमने-सामने थे. तीनों को खतरनाक स्टंट के जरिए फिनाले की रेस में बने रहने के लिए मुकाबला करना था. गौरव ने ये एलिमिनेशन टास्क जीत लिया, लेकिन इसके बाद उन्होंने ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. गौरव ने रोहित शेट्टी से ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से बाहर होने की इजाजत मांगी. एक्टर के इस फैसले को सुनकर सभी कंटेस्टेंट्स हैरान रह गए.
‘मैं शो से बाहर निकलना चाहता हूं…’
एलिमिनेशन स्टंट जीतने के बाद गौरव खन्ना ने कहा, ‘भले ही मैंने ये स्टंट जीत लिया है, लेकिन फिर भी मैं शो से बाहर निकलना चाहता हूं, क्योंकि मुझे पता है कि ये मेरी हेल्थ को प्रभावित कर रहा है. मैं अब आपको इस तरह से निराश नहीं करना चाहता, क्योंकि मुझे पता है कि इस शो में स्टंट का लेवल बिल्कुल अलग है. मुझे बहुत बुरा लग रहा है. मैंने जानबूझकर ये नहीं कहा था कि मैं इस स्टंट को रद्द करना चाहता हूं. मुझे बाद में पता चला कि रूहानिका ने भी इसे रद्द करने की इच्छा जताई थी. अगर मैं शारीरिक रूप से 100% फिट नहीं हूं, तो मैं किसी ऐसे व्यक्ति की जगह नहीं लेना चाहता, जो पूरी तरह तैयार हो.’
एल्बो की चोट की वजह से लिया फैसला
गौरव खन्ना ने अपने व्लॉग में बताया कि शो के दौरान उनके दाहिने हाथ की कोहनी में चोट लग गई थी. शुरुआत में उन्होंने दवाइयां लेकर शूटिंग जारी रखी, लेकिन कुछ समय बाद दर्द फिर बढ़ गया. उन्हें डर था कि अगर आगे किसी स्टंट में करंट का इस्तेमाल हुआ, तो उनकी चोट और ज्यादा बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें:- ‘कलेश बाधा ना आए…’, गोविंदा ने बच्चों संग की गणपति बप्पा से प्रार्थना, सुनीता नहीं दिखीं साथ
एक्टर ने बताया कि उन्होंने एलिमिनेशन स्टंट जीत लिया था, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने शो में आगे न बढ़ने का फैसला किया. उनका कहना था कि अगर किसी स्टंट में इलेक्ट्रिक करंट का सामना करना पड़ा, तो कोहनी में तेज दर्द हो सकता है और वो अपने दाहिने हाथ का पूरी ताकत से इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. गौरव ने कहा कि शो छोड़ने का फैसला उनके लिए काफी मुश्किल था. वो आगे तक जाना चाहते थे, लेकिन अपनी चोट को और गंभीर नहीं करना चाहते थे.
रोहित शेट्टी से मांगी माफी, छुए पैर
शो के हालिया एपिसोड में गौरव अपने फैसले को लेकर काफी इमोशनल हो गए. उन्होंने बाकी कंटेस्टेंट्स से माफी मांगी और रोहित शेट्टी से भी अपने फैसले के लिए माफी मांगी. इसके बाद गौरव ने रोहित को गले लगाया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. वहीं, रुहानिका धवन ने भी गौरव से बात की और उन्हें शो छोड़ने का फैसला बदलने के लिए समझाने की कोशिश की. हालांकि, गौरव अपने फैसले पर कायम रहे.
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के फिनाले की शूटिंग कंप्लीट
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में रुबिना दिलैक, रित्विक धनजानी, विशाल, करण वाही और जैस्मिन भसीन जैसे कंटेस्टेंट्स नजर आ रहे हैं. वहीं, अविनाश मिश्रा, फरहाना भट्ट, ओरी और रुहानिका धवन जैसे सेलेब्स ने भी शो में हिस्सा लिया. ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के फिनाले की शूटिंग 13 सितंबर को पूरी हो चुकी है.
ये भी पढ़ें:- Video: सोहेल खान के घर बप्पा के दर्शन करने पहुंचे सलमान, ‘वॉन्टेड’ लुक ने खींचा ध्यान
