जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) पर फिर बरसे हैं. शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) को उन्होंने कटिहार में कहा कि सम्राट चौधरी को नहीं पता कि वो पैदा कब हुए. उन्होंने एफिडेविट में लिखा है कि 7वीं पास हैं, अगले एफिडेविट में लिखा है मदुरै कामराज यूनिवर्सिटी से पीएफसी किया, कब किया ये नहीं बताया.
प्रशांत किशोर इतने पर नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि सम्राट चौधरी ने बताया है कि अमेरिका से D. LIT किया, आम आदमी को सरकारी नौकरी करनी हो और वो एक सर्टिफिकेट गलत लगा दे तो सस्पेंड हो जाएगा. एफआईआर तक होगी, लेकिन राज्य का मुखिया ऐसा आदमी बना जिसके बारे में ये पता नहीं कि वो पैदा कब हुए.
मैं अपनी टिप्पणी पर कायम हूं: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि मैंने सम्राट चौधरी पर जो पहले टीका-टिप्पणी की है, मैं उसपर बिल्कुल कायम हूं. पीके ने कहा कि अगर आपको सम्राट चौधरी को सीएम बनाना था तो चुनाव से पहले कहते, तब बिहार की जनता के पास अवसर होता कि सम्राट चौधरी की चाल, चरित्र, चेहरा वाला मुख्यमंत्री चाहिए या नहीं.
यह भी पढ़ें- ‘लालू की पाठशाला’ वाले बयान पर तेज प्रताप ने अपने ही भाई को दिया जवाब, ‘तेजस्वी जी अगर…’
‘आपने पढ़ाई नहीं की वो शिकायत की बात नहीं…’
सम्राट चौधरी की डिग्री को लेकर जारी विवाद पर प्रशांत किशोर ने कहा, “ज्ञान की भूमि बिहार में ऐसा व्यक्ति सीएम बना, जो पढ़ा है या नहीं वो नहीं पता. आपने पढ़ाई नहीं की वो शिकायत की बात नहीं, लेकिन फर्जी डिग्री लगा आदमी विधायक बन रहा है, वो आदमी अगर सीएम है, तो आपके बच्चों की पढ़ाई की चिंता उसे कितनी होगी ये चिंता का विषय है…”
बता दें कि बिहार में पिछले साल (2025) हुए विधानसभा चुनाव के समय से ही सम्राट चौधरी की डिग्री को लेकर विवाद हो रहा था. सम्राट चौधरी भी खुलकर कुछ नहीं बता रहे थे. उनका बस एक ही लाइन कहना था सब कुछ एफिडेविट में लिखा हुआ है. अब जब वे सीएम बने हैं तो फिर से उनकी शिक्षा को लेकर सवाल उठाया जाने लगा है.
यह भी पढ़ें- निशांत कुमार ने बनाई आगे की रणनीति, JDU प्रवक्ताओं संग की बैठक, कहा- ‘मैं भी पिताजी…’
