Headlines

अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या, भगवंत मान सरकार ने किया 1 करोड़ मुआवजे का ऐलान


पंजाब स्थित अमृतसर में ASI  हरजीत सिंह की अनजान लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी. उन्हें गोली तब मारी गई जब वह ड्यूटी से लौट रहे थे. गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात हरजीत सिंह की ड्यूटी पेट्रोलिंग में थी 

बीती रात हरजीत सिंह ड्यूटी ख़त्म करके घर की तरफ़ जा रहे था तभी भगतावाला दाना मंडी के गेट नंबर दो के बाहर अज्ञात लोगों ने हरजीत की गर्दन में गोली मार दी. जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया.

उधर, पंजाब सरकार ने इस मामले में एक ओर जहां जांच के आदेश दिए हैं, वहीं 1 करोड़ रुपये के मुआवजे का भी ऐलान किया है.

सुनील जाखड़ कांग्रेस में दोबारा होंगे शामिल? खुद ही साफ कर दी तस्वीर

भगवंत मान ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अमृतसर जिले में कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवाने वाले सहायक पुलिस स्टेशन अधिकारी हरजीत सिंह जी की वीरता को हार्दिक नमन. उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सदा याद रखा जाएगा. पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में शहीद परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है.

सीएम ने कहा कि सम्मान के प्रतीक के रूप में, सरकार परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि और एचडीएफसी बैंक से 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा प्रदान करेगी. हम अपने शहीदों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं. उनका यह महान बलिदान हम सभी को पूर्ण साहस और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का पालन करने के लिए प्रेरित करता रहेगा.

विपक्ष ने सरकार को घेरा

इस घटना पर विपक्ष ने सरकार को घेरा है. शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक बयान में कहा कि गुरु नगरी श्री अमृतसर, गुरु-विरोधी भगवंत मान और नाकाबिल DGP (पंजाब पुलिस) के कारण बदहाल है. अब तक तीन ASI की हत्या हो चुकी है. कल रात अमृतसर में दो हत्याएं हुईं, जिनमें ASI हरजीत सिंह भी शामिल हैं, जिनकी हत्या भगतानवाला अनाज मंडी में ड्यूटी के दौरान गोली मारकर कर दी गई. अगर ड्यूटी पर पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, तो आम पंजाबियों की सुरक्षा का क्या होगा?  कानून-व्यवस्था चरमरा रही है और पुलिस का इस्तेमाल पंजाबियों और विपक्ष की आवाज़ दबाने के लिए किया जा रहा है.

आया डीजीपी का बयान

इस मामले में पंजाब पुलिस के डीजीपी ने भी बयान दिया. सोशल मीडिया साइट एक्स पर डीजीपी पंजाब पुलिस की ओर से लिखा गया-अमृतसर जिले के हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी, ASI हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान न्यौछावर कर दी. पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है. मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि की घोषणा की है, साथ ही HDFC बैंक की ओर से उनके परिवार को ₹1 करोड़ का अतिरिक्त बीमा भुगतान भी किया जाएगा. शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी. उनकी आत्मा को शांति मिले.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *