Headlines

सनी देओल ने शुरू की नई फिल्म की शूटिंग, फरहान अख्तर-रितेश सिधवानी और ए आर मुरुगादॉस संग बॉक्स ऑफिस पर करेंगे धमाका


बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं. इस बार वो एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं. हाल ही में उनकी नई फिल्म की घोषणा हुई है, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है. एक्शन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म की शूटिंग 27 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और अभी इसकी शूटिंग जारी है. जैसे ही ये खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म होगी

इस फिल्म में सनी देओल पहली बार रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ काम कर रहे हैं. इतना ही नहीं, साउथ के मशहूर फिल्ममेकर ए आर मुरुगादॉस भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं. फिल्म में साउथ एक्ट्रेस ज्योतिका भी अहम भूमिका निभा रही हैं. बताया जा रहा है कि ये एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर होगी, जिसमें कहानी और किरदार दोनों ही अलग होंगे.

अलग किरदार में नजर आएंगे सनी देओल 

करीबी सूत्रों के मुताबिक, सनी देओल इस फिल्म में अपने पुराने इमेज से हटकर कुछ नया करने जा रहे हैं. वो एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो पहले कभी स्क्रीन पर नहीं देखा गया. इस फिल्म का निर्देशन बालाजी गणेश कर रहे हैं, जो लंबे समय तक ए आर मुरुगादॉस के साथ को-डायरेक्टर के रूप में काम कर चुके हैं. ये फिल्म उनके डायरेक्टोरियल डेब्यू के रूप में भी खास मानी जा रही है. कहानी में सस्पेंस, एक्शन और इमोशन का कॉम्बिनेशन भी देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को बांधे रखने का वादा करता है.

फिल्म की पूरी टीम 

बता दें कि फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही है, जिसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और ए.आर. मुरुगादॉस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. साथ ही कासिम जगमगिया, विशाल रामचंद्रनी, आदित्य जोशी, सुनील जैन और यूसुफ शेख इस प्रोजेक्ट के को-प्रोड्यूसर हैं. ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बाद सनी देओल का ये नया प्रोजेक्ट उनके करियर का एक और बड़ा कदम माना जा रहा है. ऐसे में फैंस को अब इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *