उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अब धीरे-धीरे तेज होने लगी है. खासतौर पर पूर्वांचल की राजनीति में चुनाव से पहले बाहुबलियों के सियासी मैदान में उतरने की चर्चा हमेशा रहती है. इस बार भी पूर्वांचल से एक बड़ा नाम चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी करता नजर आ रहा है. मिली जानकारी के अनुसार पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने भी 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है.
चंदौली और भदोही की सीटों पर नजर
ABP Live को मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव में बृजेश सिंह पूर्वांचल की किसी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. उनके समर्थकों ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है और अलग-अलग इलाकों में जनसंपर्क किया जा रहा है.
UP बीजेपी ने जिला प्रभारियों के नाम का किया ऐलान, देखें पूरी लिस्ट
बृजेश सिंह के करीबी लोगों के मुताबिक चंदौली की दो सीटों सकलडीहा और सैयदराजा के अलावा भदोही की ज्ञानपुर सीट पर उनका पूरा फोकस है. बताया जा रहा है कि इन तीनों सीटों में से किसी एक सीट से उनका चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है.
वहीं वाराणसी की कैंट विधानसभा सीट को लेकर भी चर्चा है. कहा जा रहा है कि बृजेश सिंह बनारस कैंट से भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं. हालांकि फिलहाल उनकी प्राथमिकता चंदौली और भदोही की सीटों को बताया जा रहा है. बनारस कैंट को इन सीटों के बाद विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.
समर्थक साइलेंट तरीके से कर रहे तैयारी
बृजेश सिंह के समर्थक इस पूरी चुनावी तैयारी को फिलहाल काफी साइलेंट तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं. ज्यादा से ज्यादा लोगों तक संपर्क बनाने पर जोर दिया जा रहा है. चंदौली में अलग-अलग समय पर उनके कार्यक्रम भी तय किए गए हैं.
ऐसे में चुनाव से काफी पहले ही उनके समर्थक अपने स्तर पर माहौल तैयार करने में जुटे हुए हैं. हालांकि अंतिम फैसला किस सीट से चुनाव लड़ने को लेकर होगा, इस पर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है.
पार्टी से टिकट या निर्दलीय चुनाव?
बृजेश सिंह की उम्मीदवारी को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह किस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कई बार अपने बयान में यह दावा किया है कि बृजेश सिंह को वह अपनी पार्टी से टिकट दे सकते हैं. हालांकि यह अभी सिर्फ बयानों और अटकलों तक ही सीमित है.
रायबरेली में राहुल के घर चाय पीने जाएंगे अखिलेश यादव, लोधी समाज पर सपा की नजर!
बृजेश सिंह के करीबी बताते हैं कि न सिर्फ एक दल से बल्कि अलग-अलग दलों से उनकी बातचीत चल रही है. अगर किसी पार्टी से टिकट तय होता है तो वह उसी टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. वहीं अगर किसी पार्टी से टिकट नहीं मिलता है तो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जनता के बीच जाने की तैयारी है.
