कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी किताब को लेकर चर्चा में हैं. इसमें उन्होंने कई बातें लिखी हैं. इनमें से एक यह भी है कि 2004 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस नीत यूपीए (UPA) की जीत और भारी बहुमत के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से इनकार क्यों किया था. इन पर अब जेडीयू की प्रतिक्रिया आई है.
मंगलवार (10 नवंबर, 2026) को पत्रकारों ने जब जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से इसको लेकर सवाल किया तो उन्होंने बड़ी बात कही. पूछा गया कि सोनिया गांधी की किताब में लिखा है कि उन्होंने स्वेच्छा से प्रधानमंत्री का पद छोड़ा था, इस पर उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा, “उन्होंने क्या लिखा है यह बात की बात है, लेकिन जो मुझे याद है उसके तहत मुलायम सिंह यादव ने नंबर गेम किया था… प्रधानमंत्री बनने की तो तैयारी पूरी थी.”
‘नीतीश कुमार 2 साल तक जेल में रहे’
उन्होंने सोनिया गांधी द्वारा इमरजेंसी पर दिए गए बयान पर कहा, “यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि सोनिया गांधी कह रही हैं कि इंदिरा गांधी दिल से नहीं चाहती थीं कि इमरजेंसी लगे… कुछ लोगों के कहने पर अगर उन्होंने किया तो वह प्रधानमंत्री थीं यह समझना चाहिए था… कितने नेता जेल गए… खुद नीतीश कुमार 2 साल तक जेल में रहे.”
यह भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री और अनिरुद्धाचार्य पर पप्पू यादव का विवादित बयान! ‘जेल भेजें या…’
दूसरी ओर पटना में शुरू हो रहे वाटर मेट्रो पर संजय झा ने कहा कि सरकार द्वारा यह एक अच्छा इनीशिएटिव है. छठ में लोग घर आते हैं और ऐसे में पर्यटन का लाभ ले रहे हैं यह सरकार की अच्छी पहल है.
सम्राट चौधरी की अपील का किया समर्थन
पूछा गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कह रहे हैं कि प्रबुद्ध लोग 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ छोड़ दें, इस पर संजय झा ने कहा कि यह उन्होंने सही कहा है. बिहार सरकार 24 घंटे क्वालिटी वाली बिजली उपलब्ध करवा रही है तो उन्होंने (सम्राट चौधरी) टैक्स पेयर से अपील की है.
यह भी पढ़ें- पहले काम्या मिश्रा, अब अक्षरा सिंह, JDU में शामिल होंगी दोनों? बढ़ी हलचल
