दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मंजीत सिंह उर्फ बंटी घड़ियाल के तौर पर बताई गई है. घटना कालकाजी थाना क्षेत्र के L-8 इलाके की है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान मंजीत के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात मंजीत का अपनी बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों से विवाद हुआ था. इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई और सिर पर किसी वस्तु से वार किया गया. चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा.
यह भी पढ़ें- द्वारका में विदेशियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 43 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
बहन ने लगाया कई लोगों पर हमला करने का आरोप
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि रज्जी चौधरी अपने पति, बेटों और बेटी के साथ मौके पर मौजूद थी और सभी ने मिलकर उसके भाई पर हमला किया. बहन के मुताबिक, सिर पर चोट लगने के बाद मंजीत गिर गया और इसके बाद भी उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की जाती रही.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद कालकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, मंजीत की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. जांच में CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को शामिल किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद कैसे शुरू हुआ और घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे. मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- DUSU चुनावों में हार पर विनोद जाखड़ ने कहा- आत्ममंथन कर करेंगे सुधार
