जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए गुरुवार (24 सितंबर, 2026) को तीन और उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ. विमोहन सिंह और तिरहुत शिक्षक से भूषण झा को उम्मीदवार बनाया गया है. डॉ. अनुज सिंह को पहले से अनंत सिंह का समर्थन मिला था. अब जन सुराज ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है.
बिहार की आठ विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होना है. चुनाव के तारीखों का ऐलान भी किया जा चुका है. इससे पहले जन सुराज पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की थी. दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक से अफाक अहमद को मौका दिया गया है. पटना शिक्षक से डॉ. दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है. अब बाकी तीन सीटों पर आज (गुरुवार) नाम का ऐलान कर दिया गया.
एक नजर में सीट और प्रत्याशी देखें
- पटना स्नातक सीट से- डॉ. अनुज सिंह
- पटना शिक्षक सीट से- डॉ. दिव्या ज्योति
- तिरहुत स्नातक सीट से- डॉ. विमोहन सिंह
- तिरहुत शिक्षक सीट से- भूषण झा
- दरभंगा शिक्षक सीट से- एसपी राय
- दरभंगा स्नातक सीट से- रवींद्र यादव
- सारण शिक्षक सीट से- आफाक अहमद
- कोसी स्नातक सीट से- रजनीश रंजन
यह भी पढ़ें- SIR पर भड़के मुकेश सहनी, ‘…तो ज्ञानेश कुमार को हम गोली मार दें’
जेडीयू ने चार सीटों पर उतारा है उम्मीदवार
बता दें कि बीते बुधवार (23 सितंबर, 2026) को जेडीयू ने भी चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था. पटना स्नातक सीट से मौजूदा एमएलसी और पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है. यानी नीरज कुमार का मुकाबला अनंत सिंह के चहेते डॉ. अनुज सिंह से होगा.
बाकी बची चार सीटों पर बीजेपी को उम्मीदवार उतारना है. अब देखना होगा कि बीजेपी की ओर से कब तक आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की जाती है. विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है. 27 अक्टूबर को रिजल्ट की घोषणा कर दी जाएगी.
यह भी पढ़ें- बिहार में डर खत्म! जमुई और समस्तीपुर के बाद मधेपुरा में छात्राओं से बदसलूकी
