Headlines

एशियाई खेलों में भारत का जलवा, PM मोदी ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई


एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीट्स ने अभी तक कमाल का प्रदर्शन किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की तारीफ की है और उन्हें बधाई भी दी है. सावन बरवाल ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीता. पीएम मोदी ने पुरुषों की मैराथन में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतने पर सावन बरवाल को बधाई दी.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘एशियाई खेलों में पुरुषों की मैराथन में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतने पर सावन बरवाल को बधाई. यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि यह एक नया नेशनल रिकॉर्ड है और चार दशकों से ज्यादा समय में इस इवेंट में भारत का पहला मेडल है.’

उन्होंने आगे कहा कि साथ ही यह देश का पहला ऐसा एशियाई खेल मैराथन मेडल है, जो भारत के बाहर जीता गया है. उनकी सहनशक्ति और दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है. आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं.

कबड्डी में भारत ने जीता गोल्ड

इससे पहले पीएम मोदी ने भारतीय महिला कबड्डी टीम को ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत हासिल करते हुए ‘गोल्ड मेडल’ जीतने पर बधाई दी. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा, ‘महिला कबड्डी टीम के लिए कितना रोमांचक फाइनल और शानदार गोल्ड है. हमारी खिलाड़ियों को बधाई. टीम ने अद्भुत साहस, संयम और टीमवर्क का प्रदर्शन किया है. भारत को अपने कबड्डी चैंपियंस पर गर्व है. भविष्य में और भी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं.’

महिला टीम के गोल्ड मेडल जीतने के कुछ घंटों बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने ईरान के खिलाफ फाइनल में 40-34 से जीत दर्ज की.

पीएम मोदी ने पुरुष टीम की तारीफ में लिखा, ‘एक बार फिर चैंपियन. एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल बरकरार रखने पर हमारी पुरुष कबड्डी टीम को बधाई. उनके दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है. उनकी सफलता कई उभरते हुए खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी. पूरी टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.’

भारत की तिलोत्तमा सेन, विदरसा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में कुल 1,763 प्वाइंट्स के साथ सिल्वर मेडल जीता. इस तिकड़ी की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, “तिलोत्तमा सेन, विदरशा विनोद कोचालुमकल और आशी चौकसे ने बेहतरीन सटीकता का प्रदर्शन किया. एशियन गेम्स में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें बधाई. वे भविष्य में और भी कई सफलताएं हासिल करें.”

मिक्स्ड डबल्स में भारत को ब्रॉन्ज

वहीं, मानुष शाह और दीया चितले की जोड़ी ने वर्ल्ड नंबर-4 जोड़ी को हराकर जीता मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक अपने नाम किया. हालांकि, सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 जोड़ी वांग चुकिन और सुन यिंगशा के हाथों भारतीय जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा. सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों जोड़ियों को कांस्य पदक मिलता है. ऐसे मानुष-दीया ने एशियन गेम्स के इतिहास में भारत का टेबल टेनिस में चौथा पदक सुनिश्चित किया.

उनकी इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने कहा, “एशियन गेम्स में मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मानुष शाह और दीया चितले को बधाई. यह मेडल भारत में टेबल टेनिस की बढ़ती लोकप्रियता में एक और गर्व का पल जोड़ता है. उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं. उनका दृढ़ संकल्प कई युवा खिलाड़ियों को इस खेल को अपनाने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा.”

इनपुट – आईएएनएस

यह भी पढ़ें : ओडिशा में भारी बारिश के बाद बाढ़ का खतरा, 70 हजार लोगों को किया शिफ्ट



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *