2021 की जांच में सामने आया था नाम
नवप्रीत सिंह उर्फ नव का नाम भारत, अफगानिस्तान और तुर्किये के बीच चल रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की जांच के दौरान सामने आया था. जांच अधिकारियों के मुताबिक, वह तुर्किये से इस नेटवर्क को संचालित करने वाला मुख्य व्यक्ति था. उसका चचेरा भाई प्रभारदीप सिंह भारत में नेटवर्क की गतिविधियों को संभालने वाली अहम कड़ी बताया गया था.
इस मामले की जांच 2021 में दक्षिणी दिल्ली से रिजवान कश्मीरी की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई थी. पूछताछ के दौरान कथित तौर पर एक बड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली, जिसके तार दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और अफगानिस्तान से जुड़े बताए गए. इसके बाद फरीदाबाद में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई. जांच के दौरान एक वाहन से 166 किलोग्राम और दूसरे वाहन से 115 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की जानकारी सामने आई थी. अन्य ठिकानों से भी नशीले पदार्थों की बरामदगी हुई थी.
अजरबैजान से भी वापस लाया गया था प्रभारदीप
इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की जांच में नवप्रीत सिंह के चचेरे भाई प्रभारदीप सिंह का नाम भी सामने आया था. उसे नेटवर्क में भारत के स्तर पर संचालन की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया था. मई 2026 में भारतीय एजेंसियां उसे अजरबैजान से वापस भारत लेकर आई थीं. प्रभारदीप सिंह को अजरबैजान की राजधानी बाकू से भारत लाने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और दिल्ली पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की थी. उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी किया गया था. अजरबैजान में गिरफ्तारी के बाद भारत ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई की.
यह भी पढ़ेंः अभिजीत दीपके ने सहयोग के लिए मुंबई पुलिस को कहा थैंक्यू, ‘दिल्ली पुलिस कुछ…’
