Headlines

स्थायी समिति की दोबारा कमान मिलने पर गदगद हुए शशि थरूर, बोले- ‘भारत के…’


केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम से लोकसभा में कांग्रेस सांसद शशि थरूर शनिवार (3 अक्टूबर, 2026) को एक बार से फिर से विदेश मामलों से संबंधित संसद के स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है. संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता दोबारा सौंपे जाने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने खुशी जाहिर की है. वहीं, उन्होंने अपनी अध्यक्षता वाली स्थायी समिति में शामिल किए गए अन्य सदस्यों के नामों के बारे में जानकारी साझा की है.

उन्होंने इस संबंध में शनिवार (3 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में शशि थरूर ने कहा, ‘विदेश मामलों पर संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी जारी रखने का सम्मान मिला है. इस उथल-पुथल से भरी दुनिया में भारत के भविष्य के रास्ते पर गंभीर और रचनात्मक चर्चा करने के लिए इंतजार कर रहा हूं.’

शशि थरूर के नेतृत्व वाली स्थायी समिति में कुल कितने सदस्य? 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति में शामिल सदस्यों के नामों की घोषणा पिछले महीने 26 सितंबर, 2026 को ही कर दी गई थी. इसमें लोकसभा से शशि थरूर को मिलाकर कुल 21 सदस्य शामिल हैं. हालांकि, लोकसभा से शामिल होने वाले 21 सदस्यों में से अभी एक सदस्य के लिए स्थान खाली है. जबकि इस स्थायी समिति में राज्यसभा से कुल 10 सदस्य शामिल किए गए हैं. ऐसे में विदेश मामलों की स्थायी समिति में शामिल सदस्यों की कुल संख्या 31 है.  

लोकसभा से समिति में किन सांसदों को किया गया शामिल? 

संसद की विदेश मामलों की स्थायी समिति में लोकसभा से जिन सांसदों को शामिल किया है, उनमें, डीके अरुणा, विजय बघेल, अभिषेक बनर्जी, अरुण गोविल, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, नवीन जिंदल, सुब्रायन के., के. नवस कनि, बाल्य मामा सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे, ब्रिजेंद्र सिंह ओला, असदुद्दीन ओवैसी, डॉ. प्रदीप कुमार पानिग्रही, मितेशभाई रमेशभाई पटेल, रविशंकर प्रसाद, वाई. एस. अविनाश रेड्डी, अपराजिता सारंगी, पुष्पेंद्र सरोज, प्रनीति सुशीलकुमार शिंदे, बांसुरी स्वराज और डॉ. शशि थरूर शामिल हैं. इसमें एक सदस्य का स्थान अभी रिक्त है.

राज्यसभा में किन सांसदों को किया गया शामिल?

वहीं, संसद के उच्च सदन राज्यसभा से इस संसदीय स्थायी समिति में डॉ. जॉन ब्रिटास, राघव चड्ढा, सागरिका घोष, डॉ. के. लक्ष्मण, सतनाम सिंह संधू, हर्षवर्धन श्रींगला, राजीव शुक्ला, राजेश परमानंद शुक्ला, रतनजीत प्रताप नारायण सिंह और डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है. 

यह भी पढ़ेंः CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस सरकार ने दिए जांच के आदेश, सुसाइड का केस



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *