अनुपम खेर और हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर रॉबर्ट डी नीरो की दोस्ती को एक दशक से ज्यादा हो गया है. समय के साथ दोनों की बॉन्डिंग काफी गहरी हो गई है. हाल ही में अनुपम खेर ने रॉबर्ट डी नीरो के साथ कुछ फोटोज पोस्ट की हैं. इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक इमोशनल नोट भी शेयर किया है. ये फोटोड रॉबर्ट डी नीरो के घर की हैं.
दरअसल, अनुपम खेर इन दिनों अमेरिका और कनाडा में हैं. इसी दौरान उन्होंने रॉबर्ट डी नीरो से मुलाकात की और उनके साथ कुछ फोटोज अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं. उन्होंने रॉबर्ट डी नीरो को अपना बेहद करीबी दोस्त बताते हुए उनके साथ बिताए समय को यादगार बताया. अनुपम ने बताया, ‘डी नीरो से मिलना मेरे लिए हमेशा खास रहता है. दोस्ती होने के बावजूद जब मैं उनसे मिलता हूं तो मेरे अंदर का फैन भी जाग जाता है.’
अपने घर पर बुलाकर कराया लंच
इस मुलाकात को और खास बनाने वाली बात यह थी कि रॉबर्ट डी नीरो ने अनुपम खेर को अपने न्यूयॉर्क स्थित घर पर बुलाया था. दोनों ने साथ में लंच किया और काफी देर तक गपशप भी की. अनुपम ने डी नीरो का अपने घर बुलाने और उनके साथ समय बिताने के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनके बीच होने वाली बातचीत और डी नीरो की गर्मजोशी उनके लिए बहुत मायने रखती है.
डी नीरो ने दिया खास तोहफा
मुलाकात के दौरान रॉबर्ट डी नीरो ने अनुपम खेर को एक कैप भी गिफ्ट की. अनुपम ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इस तोहफे का खास तौर पर जिक्र किया. उनके लिए यह सिर्फ एक कैप नहीं बल्कि दोस्त की तरफ से मिला एक ऐसा तोहफा है, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे.
अनुपम ने डी नीरो के लिए अपना सम्मान जाहिर करते हुए उन्हें बेहतरीन अभिनेता के साथ-साथ शानदार इंसान भी बताया. उन्होंने डी नीरो, उनकी पत्नी टिफनी और पूरे परिवार के लिए अपना प्यार और आभार व्यक्त किया.
‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ में साथ किया था काम
अनुपम खेर और रॉबर्ट डी नीरो की दोस्ती की शुरुआत फिल्म ‘सिल्वर लाइनिंग्स प्लेबुक’ से हुई थी. साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म में दोनों ने साथ काम किया था. फिल्म के दौरान बनी जान-पहचान धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई. इसके बाद भी दोनों
एक-दूसरे से संपर्क करते रहे.
रॉबर्ट डी नीरो ने अनुपम खेर के काम के लिए उनका सपोर्ट भी किया है. पिछले साल वह अनुपम की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ के न्यूयॉर्क प्रीमियर में शामिल हुए थे, तब भी दोनों की मुलाकात हुई थी. यह फिल्म अनुपम खेर के लिए इसलिए भी खास थी, क्योंकि इसके जरिए उन्होंने लंबे समय बाद निर्देशन में वापसी की थी. फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल के मार्केट में भी पेश किया गया था.
