बॉलीवुड में गुजरे दौर में एक से बढ़कर एक सुपरस्टार हुए थे. कई स्टार्स ने न सिर्फ अपनी दमदार एक्टिंग बल्कि रौबदार आवाज और बेहतरीन डायलॉग डिलीवरी से भी फैंस का दिल जीता था. ऐसे ही अभिनेता थे राजकुमार. राजकुमार जितने बेहतरीन एक्टर थे उतने ही स्वभाव से वो मुंहफट भी थे. इसके चलते इंडस्ट्री के एक्टर्स उनसे कतराते थे. अपने इसी स्वभाव के कारण उन्होंने अमिताभ बच्चन, गोविंदा और बप्पी लहरी जैसे दिग्गजों का मजाक उड़ाया था. जबकि सलमान खान को भी फटकार लगा दी थी.
राज कुमार की बात आज हम आपसे उनकी 100वीं बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर कर रहे हैं. इस दिग्गज कलाकार ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने से पहले पुलिस की नौकरी की थी. उसी दौरान किसी ने उनकी कद-काठी और शख्सियत से प्रभावित होकर उन्हें फिल्मी दुनिया में काम करने का ऑफर दिया था. आइए आज उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर जानते हैं उनकी कुछ खास और दिलचस्प बातें.
सब इंस्पेक्टर थे राजकुमार
राजकुमार का असली नाम कुलभूषण पंडित था. उनका जन्म 8 अक्टूबर 1926 को लोरलाई (अब पाकिस्तान) में हुआ था. अभिनेता ने 40 के दशक में मुंबई के माहिम पुलिस स्टेशन में बतौर सब-इंस्पेक्टर नौकरी की थी.
26 साल की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू
एक बार निर्माता सोहराब मोदी की मुलाक़ात राज कुमार से हुई थी और उन्होंने एक्टर को एक फिल्म का ऑफर दे दिया था. पहले तो राजकुमार इसके लिए राजी नहीं हुए. हालांकि बाद में फिल्मी दुनिया में आने की चाह के साथ उन्होंने इस ऑफर को स्वीकार कर लिया और सब इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़ दी.
राजकुमार ने बॉलीवुड में डेब्यू 26 साल की उम्र में फिल्म ‘रंगीली’ से किया था. बॉलीवुड में उन्होंने 4 दशक से ज्यादा तक काम किया. इस दौरान एक्टर ने ‘मदर इंडिया’, ‘तिरंगा’, ‘सौदागर’, ‘हमराज’ और ‘हीर रांझा’ जैसी कई शानदार फ़िल्में दीं. एक्टर ने 40 साल से ज्यादा के करियर में 70 फिल्मों में काम किया था.

गोविंदा और अमिताभ बच्चन का उड़ाया था मजाक
साल 1989 में आई फिल्म ‘जंगबाज’ में गोविंदा और राकुमार ने साथ काम किया था. शूटिंग के वक्त एक दिन रजुमार ने गोविंदा की शर्ट की तारीफ की थी. इसके बाद गोविंदा ने राजुकमार को अपनी शर्ट दे दी थी. लेकिन, दो दिन बाद सेट पर कुछ ऐसा हुआ जिससे गोविंदा हैरान रह गए. गोविंदा की दी हुई शर्ट का राजकुमार ने रुमाल बनवा लिया था और उसे अपनी जेब में रखा था.

राज कपूर की एक पार्टी में राजकुमार ने अमिताभ बच्चन के कपड़ों का मजाक उड़ाया था. पार्टी में राजकुमार ने बिग बी के सूट की तारीफ की थी. इसके आगे कहा था, ‘मुझे ऐसे ही कुछ पर्दे भी सिलवाने थे.’ हालांकि बिग बी ने उनके बयान का कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए.

सलमान खान को भी लगा दी थी फटकार
सलमान खान ने बतौर लीड एक्टर डेब्यू साल 1989 में आई फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से किया था. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हुई थी. इसके डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने फिल्म की सक्सेस के बाद एक पार्टी रखी थी, जिसमें राजकुमार भी शामिल हुए थे. हालांकि पार्टी में सलमान दिग्गज एक्टर को पहचान नहीं पाए.
सूरज बड़जात्या ने मैंने प्यार किया की कास्ट से राज कुमार को मिलवाया था. उस वक्त पहली बार सलमान और राजकुमार की मुलाकात हुई थी. तब सलमान ने राजकुमार से पूछा था कि आप कौन हैं? इसके बाद राजकुमार ने कहा था, ‘बेटा अपने अब्बा से पूछकर आओ कि हम कौन हैं.’

नाम सुनकर रजनीकांत-नसीरुद्दीन ने साथ काम करने से कर दिया था मना
साल 1993 की बेहतरीन फिल्म ‘तिरंगा’ को राजकुमार के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक माना जाता है. इस फिल्म में उनके साथ नाना पाटेकर ने काम किया था. हालांकि नाना पाटेकर से पहले उनका रोल रजनीकांत और नसीरुद्दीन शाह जैसे दिग्गज एक्टर्स को ऑफर हुआ था. हालांकि दोनों ने ही राजकुमार का नाम सुनकर फिल्म में काम करने से मना कर दिया था. ये खुलासा खुद फिल्म के डायरेक्टर मेहुल कुमार ने अपने एक इंटरव्यू में किया था.

1996 में हो गया था निधन
राजकुमार को ‘दिल एक मंदिर’ (1963) और ‘वक़्त’ (1965) इन दोनों ही फिल्मों के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया था. इस दिग्गज एक्टर का 3 जुलाई 1996 को निधन हो गया था. उन्होंने 69 साल की उम्र में अंतिम सांस ली थी
