Headlines

पंजाब में चुनावी तैयारी तेज, परगट सिंह और सचिन पायलट ने स्वर्ण मंदिर में टेका माथा


पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में आज कांग्रेस की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और अरदास की.

परगट सिंह और सचिन पायलट सुबह अमृतसर हवाई अड्डे पहुंचे. बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे के बाहर उनका स्वागत किया. दोनों नेताओं के हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही ढोल बजाए गए.

यह भी पढ़ें: पंजाब BJP अध्यक्ष बोले, ‘AAP सरकार के भ्रष्टाचार का घड़ा भरा, इसका…’

कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे स्वर्ण मंदिर 

एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद परगट सिंह और सचिन पायलट पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वर्ण मंदिर पहुंचे. परगट सिंह ने अमृतसर में संवाददाताओं से कहा, “आज मैं यहां शुकराना (आभार) अदा करने और आशीर्वाद लेने आया हूं.”

इस दौरान विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री ओ पी सोनी, पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका, विजय इंदर सिंगला और सुखविंदर सिंह डैनी समेत पार्टी के कई नेता स्वर्ण मंदिर में मौजूद थे. इसके बाद यह सभी दुर्गियाना मंदिर, सेंट पॉल चर्च और रामतीर्थ मंदिर भी जाएंगे.

पंजाब के लिए काम करने का दावा 

पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका ने कहा, “आज हम सचिन पायलट के नेतृत्व में यहां आए हैं. हम सभी पंजाब के कल्याण के लिए काम करेंगे.”

पिछले दिनों बदला था प्रदेश अध्यक्ष 

कांग्रेस पार्टी ने राज्य नेतृत्व को लेकर कई सप्ताह से चल रही आंतरिक खींचतान के बाद वड़िंग को कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद से हटा दिया था. इस खींचतान से अगले साल की शुरुआत में होने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान पर असर पड़ने की आशंका थी.

पूर्व ओलंपियन, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और जालंधर कैंट से तीन बार विधायक रह चुके 61 वर्षीय परगट सिंह को पिछले सप्ताह लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह कांग्रेस की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था.

यह भी पढ़ें: पंजाब में CBI रेड पर भड़के CM मान, लगाया ED-CBI के गलत इस्तेमाल का आरोप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *