Headlines

Karela Bhurji: घर में कैसे बनाएं स्वादिष्ट करेले की भुर्जी? चटकारे लेकर खाएंगे बच्चे


How To Make Karela Bhurji At Home: करेला नाम सुनते ही बहुत से बच्चों के चेहरे बन जाते हैं. इसकी हल्की कड़वाहट ऐसी होती है कि बच्चे तो क्या, कई बड़े भी इसे खाने से बचते हैं. घर में करेले की सब्जी बनती है तो बच्चों को खिलाना किसी चुनौती से कम नहीं होता. माता-पिता अक्सर करेले को अलग-अलग तरीकों से बनाने की कोशिश करते हैं, ताकि परिवार के सभी लोग इसे पसंद करने लगें. फिर भी करेले की कड़वाहट कई बार सारी मेहनत पर पानी फेर देती है.

अगर आपके घर में भी बच्चे करेले का नाम सुनते ही खाने से मना कर देते हैं, तो इस बार करेले की भुर्जी बनाकर देखिए. यह एक ऐसी डिश है जिसमें करेले का स्वाद काफी अलग हो जाता है. सही तरीके से बनाने पर इसकी कड़वाहट भी काफी कम हो जाती है और मसालों के साथ इसका स्वाद इतना अच्छा लगता है कि बच्चे भी इसे खाने से मना नहीं करेंगे.

करेले को खाने की आदत भी धीरे-धीरे विकसित होती है. शुरुआत में इसका स्वाद पसंद नहीं आता, लेकिन अलग-अलग तरीकों से बनाए जाने पर लोग इसके स्वाद को पसंद करने लगते हैं. करेले की फ्राई, भरवां करेला और करेले के चिप्स जैसी कई डिश आपने जरूर खाई होंगी, लेकिन करेले की भुर्जी का स्वाद इनसे थोड़ा अलग है. इसमें खट्टे और मसालेदार स्वाद का अच्छा मेल मिलता है, जो करेले की कड़वाहट को काफी हद तक कम कर देता है.

करेला खाने के अपने फायदे भी हैं. इसे वजन को नियंत्रित रखने वाली डाइट में शामिल किया जाता है. इसके अलावा करेले को डायबिटीज और इम्युनिटी से जुड़े फायदों के लिए भी जाना जाता है. ऐसे में अगर परिवार में कोई करेले से दूर भागता है, तो उसकी डाइट में इसे स्वादिष्ट तरीके से शामिल करने के लिए करेले की भुर्जी एक अच्छा विकल्प हो सकती है.

करेले की भुर्जी बनाने के लिए सामग्री

करेले की भुर्जी बनाने के लिए सबसे पहले चार करेले लें. इसके अलावा दो कटे हुए प्याज, दो कटे हुए टमाटर, एक कटी हुई हरी मिर्च और एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट चाहिए होगा. मसालों में आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, स्वाद के अनुसार नमक और लाल मिर्च पाउडर लें. इसमें एक चुटकी हींग, एक चम्मच नींबू का रस और ऊपर से डालने के लिए हरा धनिया भी रखें.

सबसे पहले करेले की कड़वाहट कम करें

करेले की भुर्जी का स्वाद अच्छा बनाने के लिए सबसे जरूरी है उसकी कड़वाहट को कम करना. इसके लिए सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अब इसे कद्दूकस कर लें या बारीक काट लें. इसमें करीब आधा चम्मच नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें और 5 से 10 मिनट के लिए अलग रख दें. यह छोटा सा तरीका करेले की कड़वाहट को कम करने में मदद करता है. यही वह स्टेप है जिसे नजरअंदाज करने से करेले की भुर्जी का स्वाद ज्यादा कड़वा रह सकता है.

Karela Bhurji: घर में कैसे बनाएं स्वादिष्ट करेले की भुर्जी? चटकारे लेकर खाएंगे बच्चे

ऐसे तैयार करें करेले की भुर्जी

अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें एक चुटकी हींग और आधा चम्मच जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद इसमें कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. इसे तब तक भूनें जब तक प्याज हल्का गुलाबी न हो जाए. प्याज को ज्यादा भूरा करने की जरूरत नहीं है. अब इसमें नमक के साथ रखा हुआ कद्दूकस किया हुआ करेला डालें. प्याज के साथ इसे करीब 5 से 6 मिनट तक अच्छी तरह भूनें. 

इसे भी पढ़ें: Mushroom Handi: विटामिन D से भरपूर मशरूम हांडी कैसे बनाएं? नोट कर लीजिए रेसिपी

इस दौरान करेले को चलाते रहें, ताकि वह अच्छी तरह पक जाए और उसका स्वाद बाकी सामग्री के साथ मिल जाए. इसके बाद इसमें कटे हुए टमाटर, स्वाद के अनुसार लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच धनिया पाउडर डालें. हल्दी पाउडर भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर पकने दें. ध्यान रखें कि करेले में पहले ही नमक डाला गया है, इसलिए सब्जी में नमक डालते समय मात्रा का ध्यान रखें. जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं और मसाले करेले के साथ अच्छी तरह मिल जाएं, तो गैस बंद करने से पहले इसमें एक चम्मच नींबू का रस डालें. नींबू का खट्टापन करेले के स्वाद को बैलेंस करने में मदद करता है. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें.

इसे भी पढ़ें: How To Make Kunafa At Home: घर पर कैसे बनाएं अरब का फैमस कुनाफा? स्वाद का दीवाना हो जाएगा पूरा परिवार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *