यूपी के अमेठी की गौरीगंज सदर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर दिया है. आगामी 14 अक्टूबर को राकेश प्रताप सिंह बीजेपी ज्वाइन करेंगे.
बीजेपी ज्वाइन करने की जानकारी राकेश प्रताप सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी. पोस्ट में उन्होंने लिखा, मेरे गौरीगंज के सम्मानित क्षेत्रवासियों, साथियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ता बंधुओं मैं आगामी 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास ‘मंगलम’ के प्रांगण में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करूंगा.”
सपा के कई बागी ज्वाइन करेंगे बीजेपी
सपा के बागी 14 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में बीजेपी जॉइन करेंगे. यह बड़ा कार्यक्रम अमेठी में आयोजित होगा. इसमें अमेठी के गौरीगंज सदर के विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह और जालौन के कालपी से विधायक विनोद चतुर्वेदी बीजेपी जॉइन करेंगे. यह कार्यक्रम स्मृति ईरानी की मौजूदगी में होगा.
राकेश प्रताप ने कार्यकर्ताओं से किया आग्रह
राकेश प्रताप ने अपने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा, “आप सभी से मेरा विशेष आग्रह है कि 14 अक्टूबर को अन्य किसी बाहरी कार्यक्रम का निर्धारण न करें तथा इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें. आप सभी का स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद सदैव मेरे लिए अमूल्य रहा है. बता दें कि 14 अक्टूबर को बीजेपी के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद लगाई जा रही है.
राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज सीट से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं. ऐसे में उनके बीजेपी में जाने से इस सीट के स्थानीय समीकरण बदल सकते हैं. राकेश प्रताप की क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ है. ऐसे में अब उनकी बीजेपी में जिम्मेदारी को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. 14 तारीख को वे औपचारिक रूप से बीजेपी के साथ अपने राजनीतिक सफर की आगे शुरुआत करेंगे.
2021 में दिया था विधायक पद से इस्तीफा
बता दें कि राकेश प्रताप सिंह ने साल 2021 में अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि साल 2022 में इस्तीफा वापस लिया और सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर जीता. वहीं फरवरी 2024 में हुए यूपी राज्यसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के बाद सपा से दूरिया बढ़ती चली गईं. ऐसे में पार्टी ने जून 2025 में उन्हें निष्कासित कर दिया. निष्कासन के बाद विधानसभा में राकेश, अभय और मनोज पांडेय को असबंद्ध घोषित कर दिया गया.
‘अखिलेश यादव को न राम प्यारे हैं, न कृष्ण’, सपा प्रमुख पर ओपी राजभर का बड़ा हमला
