भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अचानक सऊदी अरब का दौरा किया, जहां उन्होंने वहां के शीर्ष नेताओं के साथ अहम बैठकें कीं. इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों की समीक्षा की गई और क्षेत्र में तेजी से बदल रहे हालात पर विस्तार से चर्चा हुई. रियाद में भारतीय दूतावास ने इस दौरे की जानकारी दी है. खास बात यह है कि यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है, जब सऊदी अरब में पाकिस्तान अपने फाइटर जेट और सैनिक भेज चुका है.
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने X पर जानकारी दी कि अजीत डोभाल ने 19 अप्रैल को रियाद पहुंचकर सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुल अजीज बिन सलमान, विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. मुसाद अल-ऐबान से मुलाकात की. इन बैठकों में दोनों देशों के रिश्तों, आपसी हितों और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई. दूतावास ने यह भी कहा कि चर्चा में रणनीतिक और क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषय शामिल थे.
ये भी पढ़ें: Iran-US War: ‘पाकिस्तान अमेरिका के लिए शर्मनाक और खतरनाक, भारत ज्यादा…’, अमेरिकी एक्सपर्ट्स की ट्रंप को चेतावनी
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच दौरा
यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है, जब खाड़ी क्षेत्र में ईरान को लेकर युद्ध फिर से बढ़ता नजर आ रहा है. हाल ही में अमेरिकी नौसेना ने ईरान के एक मालवाहक जहाज को उस समय रोक लिया, जब वह होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहा था. ईरान ने इस कार्रवाई को समुद्री डकैती बताया है और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है. ऐसे हालात में एक बार फिर टकराव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, खासकर इसलिए क्योंकि मौजूदा युद्धविराम जल्द खत्म होने वाला है.
सऊदी अरब में पाकिस्तानी फाइटर जेट
पाकिस्तान ने सऊदी अरब में अपने फाइटर जेट तैनात कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र की स्थिति और ज्यादा संवेदनशील हो गई है. अब यह सवाल उठ रहा है कि अगर दोबारा संघर्ष शुरू होता है और ईरान सऊदी ठिकानों को निशाना बनाता है तो क्या पाकिस्तान सीधे तौर पर सऊदी अरब का साथ देगा. पिछले साल दोनों देशों के बीच हुए रक्षा समझौते के अनुसार, किसी एक पर हमला दोनों पर हमला माना जाएगा.
अजीत डोभाल का दौरा अहम
सऊदी-भारत संबंधों के जानकार सऊद हाफिज का मानना है कि अजीत डोभाल का यह दौरा एक अहम संकेत देता है. उनके अनुसार, सऊदी अरब अब क्षेत्रीय बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है, जहां संवेदनशील मुद्दों पर भरोसे के साथ बातचीत हो सकती है. इस वजह से सऊदी अरब को एक ऐसे साझेदार के रूप में देखा जा रहा है, जो लंबे समय तक स्थिर और भरोसेमंद संबंध बनाए रखने में सक्षम है.
