दुबई-तेल अवीव फ्लाइट को हाईजैक और क्रैश कराने की साजिश के मामले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की पुलिस ने मंगलवार (13 अक्टूबर, 2026) को बड़ी कार्रवाई की है. UAE पुलिस ने फ्लाईदुबई में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को इस साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
ओमान निवासी एक पायलट, जो तेल-अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट था, उसकी विमान को क्रैश कराने की साजिश को नाकाम करने के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित माछर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
3 अक्टूबर को ही पायलटों को लिया गया था हिरासत में
मालदीव के अधाधू न्यूज पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की पुलिस ने दोनों पायलटों को इसी महीने की शुरुआत में 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया था. दोनों पायलटों के हिरासत में लिए जाने के बाद यूएई स्थित मालदीव के दूतावास ने उनके परिवारों को हिरासत में लिए जाने की औपचारिक जानकारी दे दी.
हालांकि, दोनों पायलटों को हिरासत में लिए जाने के मामले पर मालदीव के अधिकारियों ने किसी भी तरह का बयान से साफ इनकार कर दिया है. हिरासत में लिए गए मालदीवियन नागरिकों पर लगे आरोपों या उनकी इस साजिश में किसी भी संभावित संलिप्तता के बारे में UAE के अधिकारियों की तरफ से भी अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
अभी तक साजिश से संबंधों की जानकारी नहीं आई सामने
माले के मिहारू अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह माना जा रहा है कि दोनों पायलट की अपने कार्यस्थल पर साजिश के मुख्य आरोपी हम्माम अल-हम्मामी से बातचीत होती थी और वे सभी एक ही बिल्डिंग में रहते थे. अधिकारियों ने फिलहाल घटना से उनके संबंधों के बारे में आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है और न ही उनके खिलाफ मौजूद सबूतों का ब्योरा दिया है.
ओमानी को-पायलट ने की थी विमान को कंट्रोल और क्रैश करने की कोशिश
मालदीव के रहने वाले दोनों पायलटों की गिरफ्तारी 30 सितंबर, 2026 को फ्लाईदुबई के विमान में हुई घटना की जांच के दायरे को UAE के अधिकारियों की तरफ से बढ़ाए जाने के बीच हुई है. इस घटना में फ्लाईदुबई के को-पायलट और ओमान के नागरिक हम्माम अल-हम्मामी पर फ्लाइट के मुख्य पायलट कैप्टन स्मित माछर पर कुल्हाड़ी से हमला करने और विमान को क्रैश कराने की कोशिश करने का आरोप है. इसके साथ ही, यह भी आरोप है कि उसने फ्लाइट को अपने कब्जे में करने और आतंकवादी हमला करने के इरादे से ऐसा किया था.
यह भी पढ़ेंः ‘US बहुत जल्द ईरान पर फैसला करेगा’, तेहरान के साथ तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान
