इमरान हाशमी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर G9’ की शूटिंग कर रहे हैं. हालांकि इस फिल्म के लिए एक खतरनाक कार-फ्लिप स्टंट करते समय एक्टर बाल-बाल बचे. एक ‘बिहाइंड-द-सीन्स’ वीडियो में एक एसयूवी हवा में पलटती हुई और नीचे खड़ी वैन से टकराती हुई दिख रही है, जो एक्टर के बहुत करीब आ गई थी.
इमरान हाशमी हादसे से बचे
बता दें कि ‘गनमास्टर G9’ के क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान एक खतरनाक कार-फ्लिप स्टंट एक डरावने हादसे में बदलते-बदलते बचा. दरअसल क्रेन से लटकी एक एसयूवी अचानक पलट गई और नीचे खड़ी एक काली वैन से टकरा गई, जिससे वह इमरान हाशमी के चेहरे के बहुत करीब आ गई. एक ‘बिहाइंड-द-सीन्स’ वीडियो में क्रू मेंबर्स को यह देखते हुए दिखाया गया है कि कैसे गाड़ी को झटका देकर हवा में उल्टा घुमाया जाता है और आखिर में वह वैन की छत पर जा गिरती है. इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. वहीं मेकर्स ने अभी तक ये क्लियर नहीं किया है कि यह घटना पहले से तय स्टंट का हिस्सा थी या शूटिंग के दौरान कुछ गड़बड़ हुई थी.
हरिद्वारा में भी शूटिंग के दौरान हुआ था हंगामा
यह पहली बार नहीं है जब फिल्म की शूटिंग किसी मुश्किल में फंसी है. इससे पहले जून में, जब कास्ट हरिद्वार में शूटिंग कर रही थी, तो वहां हंगामा हो गया क्योंकि स्थानीय लोगों ने फिल्म के सेट को असली बार समझ लिया था. पवित्र शहर में ‘बार एंड कैफे’ लिखा साइनबोर्ड देखकर भीड़ ने इमरान हाशमी की फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के एक सीन की शूटिंग में रुकावट डाली थी.
प्रोड्यूसर दीपक मुकुट, ने बाद में कहा था, “हम किसी की भावनाएं आहत करने के इरादे से नहीं, बल्कि ज़रूरी प्रॉप्स के साथ शूटिंग करने जाते हैं. हम हमेशा सिस्टम का सम्मान करते हैं और सभी नियमों का पालन करते हैं. स्थानीय लोगों से बात करने के बाद हमने मामला सुलझा लिया.” उन्होंने बताया कि एक हिंदू होने के नाते, वह हरिद्वार में बार खोलने के बारे में कभी सोच भी नहीं सकते.
‘गनमास्टर G9’ के बारे में
‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी, जेनेलिया डिसूज़ा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह हैं. फिल्म को दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने प्रोड्यूस किया है और सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने इसे प्रेजेंट किया है. आदित्य दत्त द्वारा निर्देशित यह एक्शन-रोमांस फिल्म 27 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है
