Headlines

गांव पहुंचा जर्मन डिप्लोमेट, किसान ने उठवाया गोबर; देखें वीडियो


भारत में गांव की जिंदगी को अक्सर बाहर से देखने वाला अनुभव माना जाता है, लेकिन जब कोई विदेशी मेहमान खुद खेत के काम में हाथ बटाए तो नजारा देखने लायक बन जाता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जर्मनी के डिप्लोमेट मारियस ओसवाल्ड भारतीय गांव में पहुंचकर किसान के साथ देसी अंदाज में खेती-किसानी के काम करते नजर आ रहे हैं. वीडियो को जर्मन एम्बेसी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

वीडियो में ओसवाल्ड फार्मल कपड़ों में गांव पहुंचते हैं. उनके साथ किसान प्रमोद शर्मा नजर आते हैं, जो उन्हें गांव की जिंदगी और खेती के रोजमर्रा के कामों के बारे में जानकारी देते हैं. शुरुआत में गर्मी से परेशान डिप्लोमेट कहते हैं कि काफी गर्मी है. किसान उन्हें सलाह देता है कि ब्लेजर उतारकर गले में गमछा डाल लें. इसके बाद विदेशी मेहमान का लुक भी एकदम देसी हो जाता है.

पशुओं को चारा दिया

वीडियो के शुरुआत में दोनों सबसे पहले पशुओं के पास पहुंचते हैं. किसान उन्हें समझाता है कि गांव में दिन की शुरुआत पशुओं को चारा खिलाने से होती है. डिप्लोमेट भी काम में हाथ बंटाते हैं और पशुओं के लिए चारा तैयार करने की कोशिश करते हैं. खास बात तो यह है कि वह हाथ से चलने वाली चारा काटने की मशीन भी चलाते दिखाई देते हैं. उनके लिए यह अनुभव किसी ऑफिशियल मीटिंग से बिल्कुल अलग और नया था.

हाथ से उठाया गोबर

वीडियो का सबसे मजेदार और चर्चा में आने वाला हिस्सा इसके बाद आता है. किसान उन्हें गोबर उठाने के लिए कहता है. डिप्लोमेट कुछ पल के लिए रुकते हैं और पूछते हैं कि यह गंदा नहीं है? किसान बड़े ही अच्छे अंदाज में जवाब देता है कि नहीं, ये उनके पशु हैं और इसमें गंदगी जैसी कोई बात नहीं है. इसके बाद ओसवाल्ड किसान पर भरोसा जताते हुए नंगे हाथों से गोबर उठाकर बर्तन में रखते हैं.

यह भी पढ़ें: वंदे भारत देख उड़े विदेशी महिला के होश, बोली- किसने कहा भारत गरीब है!

सोशल मीडिया पर वायरल

डिप्लोमेट का गोबर उठाना सोशल मीडिया यूजर्स को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है. खास बात यह है कि डिप्लोमेट ने इस काम के लिए न तो कोई गल्व्स पहने और न ही अपने फार्मल कपड़ों की ज्यादा परवाह की. इसके बाद वीडियो में किसान उनके हाथ धुलवाता भी नजर आता है. 

कमेंट्स कर रहे यूजर्स

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने इसे डिप्लोमेसी का देसी अंदाज बताया. कई यूजर्स ने डिप्लोमेट की खुले मन से गांव की जिंदगी अपनाने की तारीफ की. कुछ यूजर्स ने इसे जर्मनी और भारत के अच्छे रिलेशन का एक वीडियो बताया. एक यूजर ने कहा कि जब कोई खेती से जुड़े काम करता है, तो अच्छा लगता है. वहीं एक और अन्य यूजर ने कहा कि इसी वजह से लोगों को समझ आएगा कि भारतीय किसान कितनी मेहनत करते हैं.

यह भी पढ़ें: जिस नदी को साफ किया उसमें फिर गंदगी फैला गए लोग, दुखी हुए बिट्टू तबाही

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *