दिल्ली के द्वारका में पुलिस को गांजा छिपाने का ऐसा तरीका मिला, जिसमें घर के बेड को ही गांजा रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान में बेड के अंदर बने बॉक्स से 49 पैकेट गांजा मिला. इन पैकेटों में कुल 52.32 किलो गांजा रखा था. पुलिस ने इस मामले में 45 साल के बलबीर और 35 साल की रंजू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, तीन चरणों में हुई कार्रवाई में कुल 54.375 किलो गांजा बरामद किया गया.
द्वारका जिले की AATS टीम के मुताबिक, 7 अक्टूबर को नजफगढ़ की अग्रवाल कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी छोड़कर भाग गया. पुलिस ने स्कूटी की डिक्की चेक की तो उसमें से 1.855 किलो गांजा मिला. इसके बाद बाबा हरिदास नगर थाने में FIR नंबर 353/2026 दर्ज की गई. पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8/20/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रोटेस्ट के चलते व्यापार ठप! दिवाली से पहले 3 हजार करोड़ का नुकसान
जांच में मिला 200 ग्राम गांजा
जांच के दौरान पुलिस ने 10 अक्टूबर को 45 साल के बलबीर को गिरफ्तार किया, जो नजफगढ़ की इंद्रा मार्केट कॉलोनी में रहता है. पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 200 ग्राम गांजा भी मिला. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान बलबीर ने मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान में गांजा छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी. इसी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 11 अक्टूबर को मकान में छापा मारा.
बेड के अंदर मिले 49 पैकेट!
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को बेड के अंदर बने स्टोरेज बॉक्स से 49 पैकेट मिले. इनमें 52.32 किलो गांजा रखा हुआ था. पुलिस ने इस मामले में 35 साल की रंजू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, रंजू राजेश की पत्नी है और पुलिस उसे गांजा सप्लाई करने के मामले में आरोपी बता रही है.
कुल 54.375 किलो गांजा बरामद
द्वारका पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 54.375 किलो गांजा बरामद हुआ. इसमें स्कूटी से मिला 1.855 किलो, बलबीर के पास से मिला 200 ग्राम और बेड के अंदर छिपाकर रखा गया 52.32 किलो गांजा शामिल है. पुलिस ने स्कूटी को भी जब्त कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, बलबीर के पिता का नाम ओम प्रकाश उर्फ मुंशी राम है. वह पहले भी दो मामलों में शामिल रहा है, जिनमें NDPS से जुड़े मामले भी बताए गए हैं.
गांजा कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
द्वारका के DCP कुशल पाल सिंह के मुताबिक, पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. टीम यह जानने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इस काम में दूसरे कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: जमानत के बाद बाहर आने पर अभिजीत दीपके की पहली प्रतिक्रिया, बोले- ’24 घंटे…’
