मेलों और सर्कस में ‘मौत के कुएं’ (Well of Death) का मंजर तो आपने कई बार देखा होगा, जहाँ हल्की बाइक और छोटी कारें लकड़ी की खड़ी दीवारों पर गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देती नजर आती हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तूफ़ान मचा रहा है, जिसने खतरनाक स्टंट्स की परिभाषा ही बदल दी है. एक स्टंटबाज यहां हल्की-फुल्की 100-cc की बाइक नहीं, बल्कि भारी-भरकम ‘रॉयल एनफील्ड बुलेट’ लेकर कुएं के अंदर उतर गया और ऐसा टशन दिखाया कि देखने वालों का कलेजा मुंह को आ गया.
सफेद बुलेट पर ‘मौत’ को दावत
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सफेद रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट को लकड़ी के बने कुएं की ऊंची दीवारों पर तूफानी रफ्तार से दौड़ा रहा है. बुलेट का वजन और उसकी गूंजती आवाज ही दर्शकों के दिल की धड़कनें बढ़ाने के लिए काफी थी. लेकिन असली ‘गदर’ तो तब मचा जब बुलेट पूरी रफ्तार में दीवार पर चक्कर काट रही थी और स्टंटबाज लड़के ने अचानक दोनों हाथ हैंडल से छोड़ दिए.
Bro in danger❌ bro is danger✅ https://t.co/uKrcdYkicA
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) October 16, 2026
हाथ छोड़ टशन, दर्शक हैरान-परेशान
बुलेट को लकड़ी की दीवारों पर चिपककर चलते देख वैसे ही लोगों की जान सूखी जा रही थी, ऊपर से इस लड़के का कॉन्फिडेंस या कहें पागलपन ऐसा कि वह हाथ छोड़कर टशन दिखा रहा था. बुलेट बिना किसी कंट्रोल के दीवार पर दौड़ती रही और स्टंटबाज बेखौफ होकर दर्शकों की तरफ हाथ हिलाता रहा. कुएं के ऊपर खड़े लोग हैरान रह गए और डर के मारे कई लोगों ने अपनी आंखें बंद कर लीं.
यह भी पढ़ें: ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल
वीडियो ने इंटरनेट पर मचाया गदर
यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. लोग स्टंटबाज की बहादुरी और बुलेट पर उसके गजब के संतुलन की तारीफ कर रहे हैं, तो कई लोग इसे बेहद लापरवाही भरा कदम भी बता रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, “भाई खतरे में नहीं है, भाई खुद खतरा है.” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “इस रफ्तार और इतने वजन वाली बाइक पर ऐसा बैलेंस बनाना नामुमकिन सा लगता है, गजब का जिगरा है.”
(डिस्क्लेमर: यह एक बेहद खतरनाक स्टंट है, जिसे विशेषज्ञों की देखरेख में किया गया है. कृपया घर पर या सड़क पर ऐसा कुछ भी करने की कोशिश न करें. सुरक्षा ही सर्वोपरि है.)
यह भी पढ़ें: फेक टोल मनी मांगने पहुंचा शख्स, ड्राइवर ने कर दी बोलती बंद
