तमिलनाडु के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एएम शाहजहां ने कहा कि TVK और IUML के बीच गठबंधन आगामी निकाय चुनावों, उपचुनावों और लोकसभा चुनावों तक जारी रहेगा. तेनकासी दौरे के दौरान रविवार को मीडिया से बात करते हुए IUML के सचिव ने बताया कि पार्टी की स्टेट जनरल काउंसिल ने TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन में बने रहने के फैसले को फिर से दोहराया है.
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की स्टेट जनरल काउंसिल में इस संबंध में एक स्पष्ट प्रस्ताव पारित किया गया है. उन्होंने बताया कि हमने तय किया है कि IUML, आगामी निकाय चुनावों, संसदीय चुनावों और आने वाले उप चुनावों में भी TVK के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ (SSJVA) का हिस्सा बनी रहेगी.
विधायकों को लेकर बड़ा दावा
PTI के मुताबिक, मंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भी यह गठबंधन कायम रहेगा. प्रदेश की सियासत को लेकर मंत्री ने दावा किया कि कई विधायक TVK में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि धरापुरम और मदुरंतकम जैसे पुराने गढ़ों में मिली करारी हार के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का AIADMK नेतृत्व से भरोसा उठ गया है.
मुस्लिम कैदियों की रिहाई पर क्या कहा
उन्होंने कहा कि संबंधित विधायक लोकतांत्रिक और संवैधानिक नियमों के अनुसार अपने इस्तीफे के बारे में फैसला लेंगे. लंबे समय से जेल में बंद मुस्लिम कैदियों की रिहाई से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि IUML के अध्यक्ष प्रो. केएम खादर मोहिदीन ने 12 सूत्रीय मांगों का एक चार्टर सौंपा था, जिसमें उनकी स्थायी रिहाई या फरलो की मांग शामिल थी. उन्होंने बताया कि इन मांगों के बाद लंबे समय से जेल में बंद कैदियों की रिहाई शुरू हो गई है. इनमें से 6 कैदियों को पहले ही फरलो पर रिहा किया जा चुका है और आगे भी इसी तरह और कैदियों की रिहाई की उम्मीद है.
महंगाई को लेकर क्या बोले
महंगाई को लेकर सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि महंगाई का एक कारण ‘सुपर अल नीनो’ जैसी वैश्विक जलवायु घटनाएं भी हैं, जिन्होंने मानसून के पैटर्न को प्रभावित किया और दुनिया भर में कृषि संकट पैदा किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि 5 महीने पुरानी यह सरकार कीमतों पर लगातार नजर रख रही है और जनता की परेशानियों को कम करने के लिए ठोस कदम उठा रही है.
ये भी पढ़ें
ED ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को भेजा समन, CM के वायरल वीडियो से जुड़ा मामला
