Headlines

इटली में दंगों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को दी सलाह, ‘भीड़भाड़ वाले इलाके से रहें दूर’


मिलान में हिंसक झड़पों और दंगों के बीच भारत ने सोमवार (19 अक्टूबर, 2026) को इटली में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इटली स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को दंगों और हिंसक झड़पों के दौरान सावधानी बरतने, भीड़भाड़ और विरोध प्रदर्शनों की वजह से प्रभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है.

भारतीय दूतावास ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में दूतावास ने लिखा, ‘इटली में कुछ शहरों में पिछले हफ्ते हुए विरोध प्रदर्शनों और रैलियों के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. हम भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने की सलाह देते हैं.’

भारतीय दूतावास की नागरिकों से अपील

इसके साथ ही, भारतीय दूतावास ने नागरिकों से ऐसी घटनाओं से जुड़ी स्थानीय खबरों पर नजर रखने की अपील भी की है. वहीं, यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक रोम स्थित भारतीय दूतावास या मिलान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर सकते हैं. 

दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों के लिए किसी भी आपातकालीन स्थिति में संपर्क करने के लिए इमरजेंसी नंबर भी जारी किए हैं, जिसमें रोम स्थित भारतीय दूतावास का नंबर : +39 331 614 2085 और मिलान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास का नंबर : +39 388 164 7527 है.

बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर इटली में शुरू हुए थे प्रदर्शन

पिछले हफ्ते के अंत में इटली के शहर मिलान में बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर 5,000 से ज्यादा लोग विरोध प्रदर्शन करने के लिए इकट्ठा हुए थे, लेकिन अचानक ही इस विरोध प्रदर्शन ने हिंसक झड़प, लूटपाट और दंगे की शक्ल ले ली. इस बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा, ‘विरोध प्रदर्शन करना एक अधिकार है, लेकिन हमारे शहरों को बर्बाद करना नहीं. गुंडों ने विरोध प्रदर्शनों का फायदा उठाकर देश में अराजकता फैलाई.’ 

यह भी पढ़ेंः फ्रांस में दंगा: 2400 से ज्यादा गिरफ्तार, प्रधानमंत्री ने दिया कर्फ्यू का आदेश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *