दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच गकेबेहरा के सेंट जॉर्ज पार्क में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टेस्ट में हार की कगार पर है, लेकिन कंगारू टीम के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. टेस्ट क्रिकेट में स्टीव स्मिथ ने 11,000 रन पूरे कर लिए हैं. वह ऐसा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं.
स्टीव स्मिथ से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए ऐसा पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एलन बॉर्डर ने ही किया है. स्मिथ ने यह रिकॉर्ड 127वें टेस्ट मैच में बनाया. वह टेस्ट क्रिकेट में 11 हजार रनों का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के 12वें बल्लेबाज बन गए हैं.
सबसे तेज 11,000 रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज
स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट की 226वीं पारी में 11,000 रन पूरे किए. वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 11 हजार रनों के आंकड़े को छूने वाले विश्व के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. स्टीव वॉ को पीछे छोड़ते हुए स्मिथ अब रिकी पोंटिंग (13,378 रन) और एलन बॉर्डर (11,174 रन) के साथ 11,000 रन क्लब में शामिल हो गए हैं.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में स्टीव स्मिथ 88 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 28 रन बनाकर आउट हुए. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए. दूसरी पारी में वह अभी बैटिंग करने नहीं उतरे हैं. हालांकि, चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रलिया ने 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए हैं. कंगारू टीम फॉलो-ऑन खाने के बाद अपनी दूसरी पारी खेल रही है.
पहली पारी में सिर्फ 99 रन बना सकी ऑस्ट्रेलियाई टीम
दक्षिण अफ्रीका के 425 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में 99 रनों पर ऑलआउट हो गई. फिर उसे फॉलो-ऑन झेलना पड़ा. इसके बाद दूसरी पारी में कंगारू टीम ने 4 विकेट खोकर 156 रन बना लिए हैं. ट्रेविस हेड 87 और नाइट वॉचमैन स्कॉट बोलैंड 03 रनों पर नाबाद लौटे. ऑस्ट्रेलियाई टीम अब 170 रन पीछे है. गुरुवार को दूसरे टेस्ट में अंतिम दिन का खेल खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें-
एशियन पैरा गेम्स: आज भारत ने जीते 5 गोल्ड समेत 22 मेडल, टोटल पदक हो गए 62; टॉप-5 में एंट्री
