अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जाँच में पता चला की मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन शूटरों फूल सिंह, रेहान और ऋतिक के साथ बुधवार को गिरफ्तार किए गए अंकित ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उन्होंने मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के निर्देश पर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के घर और ऑफिस की रेकी की थी. इस दौरान आरोपियों ने रणवीर सिंह के घर और ऑफिस के फोटो और वीडियो बनाकर अनिल पंडित को भेजे थे.
रेकी के लिए बाइक और टैक्सी का किया था इस्तेमाल
इस खुलासे के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है. पुलिस ने रणवीर सिंह को दी गई सुरक्षा की समीक्षा शुरू कर दी है. क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, आमिर खान समेत कुछ अन्य बॉलीवुड सितारों की रेकी करने के दौरान आरोपी दो-दो लोगों के समूह में जाते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो. इसके लिए आरोपियों ने बाइक और टैक्सी का इस्तेमाल किया था.
रणवीर सिंह की सिक्योरिटी देख आरोपियों ने बदला प्लान
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह की सुरक्षा व्यवस्था को देखकर आरोपियों को उन्हें निशाना बनाने का मौका नहीं मिला. इन खुलासों के बाद मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को बॉलीवुड सितारों को दी गई सुरक्षा की समीक्षा के लिए एक अहम बैठक बुलाई है. गौरतलब है कि मंगलवार को सलमान खान, आमिर खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार के घरों की रेकी किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी.
अक्षय-सलमान की बढ़ी सुरक्षा
वहीं बीते दिन ये खुलासा भी हुआ था कि आरोपियों ने अक्षय के घर की भी रेकी की थी. इसके बाद एक्टर के घर बुलेटप्रूफ शीशे लगाए जाने का काम शुरू हो गया है. वहीं उनके घर के बाहर पुलिस भी तैनात की गई है. सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गई है. एक्टर की सिक्योरिटी में पुलिस के अलावा MP5 SD6 सबमशीन गन से लैस कमांडो भी तैनात किए गए हैं.
