Headlines

NZ ने बना डाला टी20 का सबसे बड़ा स्कोर, फिलिप्स ने ठोके 82, टीम इंडिया को 226 का लक्ष्य


न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बना दिए हैं. यह हेगली ओवल पर न्यूजीलैंड टीम का सबसे बड़ा स्कोर है. ग्लेन फिलिप्स ने ऐसा बवंडर मचाया कि उन्होंने अकेले ही 8 चौके और 3 छक्के जड़ते हुए 82 रन बना डाले. टीम इंडिया को यह मैच जीतना है तो हेगली ओवल मैदान का सबसे बड़ा रन चेज करना होगा. इस मैदान पर कभी भी टी20 इंटरनेशनल में 174 से बड़ा रन चेज नहीं हुआ है. बताते चलें कि यह न्यूजीलैंड का टी20 में भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी है.

क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी चुनी थी. पहले 2 ओवरों में अर्शदीप और भुवनेश्वर ने अपनी स्विंग से कीवी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. पहले 2 ओवरों में सिर्फ 12 रन बने थे, लेकिन तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार को 17 रन पड़े. उसके बाद तो न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पीछे मुड़कर ही नहीं देखा और धुआंधार अंदाज में शॉट लगाने शुरू कर दिए.

न्यूजीलैंड ने बनाया टी20 का सबसे बड़ा स्कोर

न्यूजीलैंड ने पहले टी20 मैच में 225 रन बनाकर टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ अपने ही सबसे बड़े स्कोर की बराबरी कर डाली है. इसी साल जनवरी में तुरुवनंतपुरम में भी न्यूजीलैंड टीम ने भारत के खिलाफ 225 रन का स्कोर खड़ा किया था. कीवी टीम की इस ऐतिहासिक पारी में ग्लेन फिलिप्स का सबसे बड़ा योगदान रहा, जो 40 गेंद में 82 रन बनाकर नाबाद लौटे. 205 के स्ट्राइक रेट से खेली इस तूफानी पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए.

फिन एलन के अलावा 24 साल के युवा बल्लेबाज बेवोन जैकब्स ने भी खासा प्रभावित किया. एलन ने 24 गेंद में 45 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 16 गेंद में 31 रन बनाए. अपनी छोटी सी पारी में जैकब्स ने अर्शदीप सिंह को 96 मीटर लंबा छक्का भी लगाया.

न्यूजीलैंड के टी20 में सबसे बड़े स्कोर (भारत के खिलाफ)

225 रन – साल 2026 (तिरुवनंतपुरम)

225 रन – साल 2026 (क्राइस्टचर्च)

219 रन – साल 2019 (वेलिंगटन)

भारतीय गेंदबाजों की जबरदस्त कुटाई

हेगली ओवल मैदान पर भारतीय गेंदबाजों की जबरदस्त कुटाई हुई. सिर्फ अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल एक-एक विकेट ले पाए. अक्षर पटेल ने तो गेंदबाजों में अर्धशतक लगा डाला. उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 51 रन लुटा दिए. भुवनेश्वर कुमार ने लंबे अरसे बाद टीम इंडिया की जर्सी पहन कर गेंदबाजी की. उन्होंने भी 4 ओवर में 49 रन लुटा दिए.

17 ओवर तक न्यूजीलैंड की टीम 190 रन बना चुकी थी. जिस अंदाज में फिलिप्स बल्ले से गदर मचा रहे थे, लगने लगा था जैसे न्यूजीलैंड 240+ स्कोर बना देगा. मगर आखिरी 3 ओवर में कुछ हद तक भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की. अंतिम 3 ओवर में न्यूजीलैंड ने 35 रन बनाए.

यह भी पढ़ें:

Watch: बेवोन जैकब्स ने मारा 96 मीटर लंबा छक्का, मुंह ताकते रह गए भारतीय फील्डर; देखें वीडियो



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *