एक तरफ भारत की टी20 टीम न्यूजीलैंड में धमाल मचाए हुए है, वहीं दूसरी तरफ सितारों से सजी भारत की ए टीम न्यूजीलैंड में ग्रीन विकेट पर सरेंडर करती दिखी. बर्ट सटक्लिफ ओवल के मैदान पर न्यूजीलैंड के युवा गेंदबाजों के सामने भारत के स्टार बल्लेबाजों की एक ना चली. केएल राहुल, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी खिलाड़ी खाता भी नहीं खेल सके. वहीं ध्रुल जुरेल सिर्फ 01 रन ही बना सके.
बता दें कि भारत के ए टीम और न्यूजीलैंड की ए टीम के बीच अनौपचारिक टेस्ट मैच खेला जा रहा है. दोनों टीमों के बीच कुल तीन अनौपचारिक टेस्ट मैच खेले जाएंगे. बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड-ए के गेंदबाजों का बोलबाला रहा. भारत के कुल पांच खिलाड़ी जीरो पर आउट हुए.
इस टेस्ट मैच के लिए न्यूजीलैंड ने एकदम हरी पिच तैयार की है. पिच और बाकी मैदान में कोई फर्क ही नहीं दिख रहा है. गेंदबाजों की मददगार इस पिच पर भारत की ए टीम पहली पारी में सिर्फ 113 रनों पर ऑल-आउट हो गई. जवाब में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट खोकर 135 रन बना लिए हैं, उसके पास 22 रन की बढ़त है. आकिब नबी ने कीवी बल्लेबाज जेडन लेनोक्स और टिम रॉबिनसन को खाता खोले बिना आउट किया.
भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (45 गेंद में 17 रन) एक बार फिर अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और जाक गिब्सन की गेंद पर स्लिप में कैच देकर पवेलियन लौटे. वहीं केएल राहुल खाता भी नहीं खोल पाए और फ्रेसर शीट की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमा गए.
तीसरे नंबर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 77 गेंद में 32 रन बनाए. दो घंटे क्रीज पर डटकर उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके जड़े. छठे नंबर पर उतरे विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ ने अगर नाबाद 44 रन नहीं बनाए होते तो भारत ए का स्कोर 100 रन से भी कम होता. राठौड़ ने 49 गेंद की पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाये. अंशुल कम्बोज ने आखिर में 10 रन बनाए.
भारतीय बल्लेबाजों के स्कोर की बात करें तो केएल राहुल 00, यशस्वी जायसवाल 17, देवदत्त पडिक्कल 32, साई सुदर्शन 00, ध्रुव जुरेल 01, वॉशिंगटन सुंदर 00, आकिब नबी 05, आकाशदीप 00 और मुकेश चौधरी 00 पर आउट हुए. न्यूजीलैंड ए के लिए दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज साइमन कीनी ने 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें-
मिचेल सैंटनर ने बताया दूसरे टी20 में हार का कारण? जानें क्या बोले न्यूजीलैंड के कप्तान?
