कहते हैं कि अगर मन में कुछ अलग करने का जज्बा हो, तो साधारण सा मौका भी बेहद खास बन जाता है. हैदराबाद के रहने वाले 10वीं कक्षा के छात्र भुवनेश ने अपनी मां के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए कुछ ऐसा ही अनोखा तरीका खोज निकाला. भुवनेश ने अपनी मां को बर्थडे कार्ड देने के लिए एक मिनी रोपवे तैयार किया. जैसे ही भुवनेश की मां कमरे में पहुंचीं, यह छोटा सा रोबोट हवा में रस्सी के सहारे तैरता हुआ उनके पास पहुंचा और हाथ में बर्थडे विश थमा दिया. इस पूरी तरकीब का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस नन्हे वैज्ञानिक के दिमाग की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
आखिर कैसे काम करता है यह खास रोबोटिक रोपवे?
खुद को रोबोटिक इंस्ट्रक्टर बताने वाले भुवनेश ने इंस्टाग्राम पर इस प्रोजेक्ट का वीडियो शेयर करते हुए इसकी पूरी कार्यप्रणाली समझाई. इस रोपवे सेटअप को तैयार करने के लिए उसने ‘ऑर्डिनो यूनो’, इंफ्रारेड सेंसर और रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) वायरलेस मॉड्यूल जैसे छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया. इसका बेसिक आइडिया बहुत आसान था. जैसे ही कोई कमरे में दाखिल होता, सेंसर उस मूवमेंट को भांप लेता. इसके बाद वायरलेस मॉड्यूल तुरंत दूसरे छोर पर मौजूद रिसीवर को सिग्नल भेजता, जिससे रस्सी से बंधा ‘अविष्कार रोबोट’ एक्टिवेट हो जाता और कार्ड लेकर अपनी मंजिल की तरफ बढ़ जाता.
जब हाथ दिखाते ही चलने लगा रोबोट
वीडियो में भुवनेश ने अपने इस आविष्कार का लाइव डेमो भी करके दिखाया. उसने जैसे ही सेंसर के आगे अपना हाथ रखा, सिस्टम तुरंत चालू हो गया. छोटे से रोबोट ने रस्सी पर आगे बढ़ना शुरू किया और बड़े ही करीने से संभालकर रखे गए बर्थडे कार्ड को गंतव्य तक पहुंचा दिया. टेक और क्रिएटिविटी का यह खूबसूरत मेल देखकर उसकी मां ही नहीं, बल्कि वीडियो देखने वाला हर शख्स दंग रह गया. भुवनेश की इस छोटी सी कोशिश ने यह साबित कर दिया कि तकनीक का सही इस्तेमाल रिश्तों में कितनी मिठास घोल सकता है.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा
‘ऐसे ही नए दिमागों की देश को जरूरत है’
भुवनेश की इस रचनात्मकता ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है. वीडियो पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट करके इस छोटे इनोवेटर का हौसला बढ़ा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “यह बहुत ही शानदार और कूल प्रोजेक्ट है, हमारे देश को ऐसे ही हुनरमंद युवाओं की जरूरत है.” वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, “अपने इस पैशन को कभी रुकने मत देना, यही लगन एक दिन तुम्हें बड़ा वैज्ञानिक बनाएगी.” इसके अलावा कई लोगों ने भुवनेश को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर देश का नाम रोशन करेगा.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल
