शरद केलकर फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ में रावण की डबिंग कर रहे हैं. रावण का रोल यश प्ले कर रहे हैं. शरद केलकर ने उनके लिए डबिंग की है. शरद ने पॉडकास्ट में डबिंग इंडस्ट्री और अपने काम को लेकर बात की.
सुपरटॉक्स संग पॉडकास्ट में शरद ने कहा, ”लीजेंड ऑफ हनुमान’ को क्रेडिट जाना चाहिए. रामायण के मेकर्स ने शायद रावण के तौर पर मेरी आवाज सुनी हो.’ इसके अलावा जब शरद से पूछा गया कि पहले टीजर में आपकी आवाज नहीं थी लेकिन ट्रेलर में थी. तो इस पर शरद ने कहा, ‘जो बीत गया, वो बीत गया. अभी करंट मैं हूं.’
एक्टिंग प्रोजेक्ट्स से नहीं खुश शरद केलकर
एक्टिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर शरद केलकर ने कहा, ‘एक एक्टर के तौर पर मुझे शायद वो नहीं मिल रहा है जो मैं करना चाहता हूं. मुझे उसका कारण समझ नहीं आता है. जब मैं बाकी लोगों को देखता हूं और मुझे लगता है कि ये तो मैं भी कर सकता हूं और शायद बेहतर कर सकता हूं. लोग मुझे आकर बोलते हैं, उनकी जगह आप होते तो बहुत अच्छा करते. आवाज तो मैंने खुद समझी. एक्टिंग करियर के 5-7 साल बाद मैंने खुद की आवाज समझी.’
आगे डबिंग इंडस्ट्री को लेकर शरद ने कहा, ‘मैं डबिंग इंडस्ट्री से खुश नहीं हूं. प्रोड्यूसर्स की तरफ से मैं खुश नहीं हूं. डबिंग के लिए जो डबर मेहनत करता है, वैसे रिटर्न्स नहीं है. रामायण आ रही है, उसमें डबिंग आर्टिस्ट का बजट क्या है. एक प्रोड्यूसर अगर ऐसा, तो इसका मतलब ये नहीं कि सारे ऐसे हैं. 99 परसेंट प्रोड्यूसर्स को लगता है कि डबिंग से क्या हो जाएगा. किसी से भी करवा लो. जो शायद बाहुबली और पुष्पा वालों ने किया वो आप क्यों नहीं करते हो और फिर आप ये उम्मीद करते हैं कि फिल्म काम करेगी.’
बता दें कि शरद केलकर ने फिल्म ‘बाहुबली’ में प्रभास के कैरेक्टर को डब किया था, जिसे काफी पसंद किया गया था.
