असम की राजधानी गुवाहाटी में स्थित होटल बिलास में अंधाधुंध गोलीबारी हुई है, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हैं. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही कई पुलिस स्टेशनों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. गोलीबारी किस वजह से हुई और इसके पीछे क्या कारण था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना उलुबारी इलाके में घटी. आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. घायलों में होटल के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं. गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता ने इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है. उन्होंने कहा, ‘आज गुवाहाटी के बीचों-बीच एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है. हमें चार शव मिले हैं और उसी अनुसार उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हम जल्द ही दोषियों को पकड़ लेंगे.’
हमलावर ने कई राउंट फायरिंग की. जब बाकी लोगों ने बीच-बचाव कर बंदूकधारी को रोकने की कोशिश की, तो वे भी गोलीबारी की जद में आ गए. इस होटल की असल मालिक हेलेना भराली हैं, जिन्होंने यह प्रॉपर्टी अलग-अलग लोगों को लीज पर दे रखी है. गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस वारदात में प्वाइंट 32-बोर की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार को बरामद कर लिया है और मामले की आगे की जांच तेजी से जारी है.
इस घटना के बाद असम कांग्रेस ने राज्य में लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. राज्य कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, गुवाहाटी में सुरक्षा की चिंताजनक स्थिति, सार्वजनिक सुरक्षा और असम में कानून-व्यवस्था की हालत पर गंभीर सवाल खड़े करती है. इस कठिन समय में, हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं. असम की जनता बेहतर की हकदार है. सरकार को तुरंत कदम उठाना चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए.
ये भी पढ़ें : हैदराबाद में हनी ट्रैप का मामला, आरोपी को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
