दीवाली पर कंपनी में आपको मिक्सी, बर्तन और इलेक्ट्रिक आइटम मिलते हैं ऐसी खबरें तो खूब मिली होंगी, लेकिन जब कंपनी को तगड़ा मुनाफा हो और सीईओ कर्मचारियों की मेहनत से खुश हो जाए तो अक्सर तोहफे में कारें भी दे दी जाती हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला सामने आया है पंचकूला से जहां मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर एम.के भाटिया और सीईओ शिल्पा चंदेल ने कंपनी के कर्मचारियों को दीवाली के तोहफे में Kia Sonet कार दे डाली और कहा कि यह आपकी मेहनत का फल है.
कंपनी के फाउंडर ने कर्मचारियों को तोहफे में दी Kia Sonet
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मामला तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें पंचकूला स्थित मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर एम.के भाटिया और सीईओ शिल्पा चंदेल कंपनी के कर्मचारियों को कार की चाबी सौंपते दिखाई दे रहे हैं. पहली नजर में ऐसा लगता है कि शायद ये कार के ग्राहक हैं लेकिन असल में तस्वीर कुछ और है. कंपनी के सीईओ अपने कर्मचारियों की मेहनत से इतने खुश हो गए कि तोहफे में उन्हें कार दे दी और बधाई देते हुए कहा कि इन कर्मचारियों ने पूरे साल कड़ी मेहनत की है और लगन के साथ काम किया है, उनकी इसी मेहनत को देखते हुए कर्मचारियों को यह इनाम मिला है.
सभी को एक साथ सौंपी चाबी, काटा केक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कंपनी के कर्मचारियों के साथ कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी कार के आगे खड़े हो केक काट रहे हैं और कंपनी को हुए मुनाफे का जश्न मना रहे हैं. इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों को तोहफे के रूप में कार की चाबियां भी दी जा रही है जिसे लेकर हर कर्मचारी खुशी से फूले नहीं समा रहा है. वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है जिसे लेकर यूजर्स तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा
यूजर्स बोले, हमें तो मिठाई से काम चलाना पड़ता है
वीडियो को mitshealthcarepvtltd नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…हमारी कंपनी का खून कब खौलेगा हमारे दिन कब आएंगे. एक और यूजर ने लिखा…मेहनत तो हम भी करते हैं लेकिन हमें केवल मिठाई का डिब्बा मिलता है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…भाई पैसा हो तो क्या कुछ नहीं हो सकता.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल
