‘सीआईडी’ और ‘आहट’ जैसे हिट टीवी शोज के प्रोड्यूसर बीपी सिंह के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. 27 अक्टूबर को उनका निधन हो गया. सितारों से लेकर फैंस तक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. अब ‘सीआईडी’ के एसीपी प्रद्युम्न यानी एक्टर शिवाजी साटम ने उन्हें याद किया. शिवाजी ने बीपी सिंह को अपना गुरु और दोस्त बताया.
शिवाजी साटम ने जताया दुख
वैरायटी इंडिया से बात करते हुए शिवाजी साटम ने अपना दुख जाहिर किया. उन्होंने कहा, ‘आज मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा चैप्टर खत्म हो गया. वो एक शानदार इंसान और बहुत अच्छे दोस्त थे. मैंने उनसे सब कुछ सीखा. मैं थिएटर से आया था और स्टेज पर एक्टिंग करना जानता था, लेकिन बीपी सिंह ने मुझे सिखाया कि कैमरे के सामने कैसे परफॉर्म करना है और जरूरत पड़ने पर अपने किरदार को दमदार कैसे बनाना है. उन्होंने मुझे समझाया कि कैमरे पर किसी चीज को बड़ा करके कैसे दिखाया जाता है. वो एक बेहतरीन शिक्षक थे.’
हार्ट सर्जरी के 3 महीने बाद ही काम पर लौट थे बीपी सिंह
शिवाजी साटम ने बताया कि हार्ट की सर्जरी के सिर्फ तीन महीने बाद ही बीपी सिंह दोबारा काम पर लौट आए थे. वो चेज सीक्वेंस शूट करने के लिए कैमरा लेकर जंगल में इधर-उधर दौड़ रहे थे. इतना ही नहीं, दूसरी सर्जरी के छह से सात महीने बाद उन्होंने 111 मिनट का एक ऐसा एपिसोड तैयार किया, जिसे एक ही लगातार शॉट में शूट किया गया था. इस दौरान वो कैमरामैन नितिन राव को पूरे शूट में गाइड करते रहे. इस एपिसोड ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था.
शिवाजी साटम ने आगे कहा, ‘दोस्ती में गलतफहमियां और झगड़े होते हैं, लेकिन हमारे बीच बात कभी इससे आगे नहीं बढ़ी. मेरी जिंदगी के हर दौर में वो मेरे साथ रहे. हमारे रिश्ते को किसी एक नाम तक सीमित नहीं किया जा सकता. वो एक शानदार और बेहतरीन दोस्त थे, जिनसे मैंने बहुत कुछ सीखा.
‘पद्मश्री मिलना चाहिए था’
उनके जैसे इंसान को पद्मश्री मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें इन सबकी परवाह नहीं थी. वो कहते थे, ‘छोड़ो, इससे क्या फर्क पड़ने वाला है? हमारे दर्शक तो हमारे साथ हैं ना.’ आज भी दर्शक उनके साथ हैं. ये अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है.’
कौन थे बीपी सिंह ?
टीवी के दिग्गज प्रोड्यूसर और डायरेक्टर बृजेंद्र पाल सिंह, जिन्हें बीपी सिंह के नाम से जाना जाता था, का 27 अक्टूबर 2026 को हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया. वो मशहूर क्राइम शो ‘CID’ और हॉरर शो ‘आहट’ जैसे शो के लिए जाने जाते थे.
बीपी सिंह ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई पूरी करने के बाद 1973 में दूरदर्शन में न्यूज कैमरामैन के तौर पर अपना करियर शुरू किया. बाद में उन्होंने ‘एक शून्य शून्य’ जैसे टीवी प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया. इसके बाद उन्होंने ‘आहट’ बनाया जो काफी पॉपुलर रहा. साल 1998 में उन्होंने ‘CID’ की शुरुआत की.
