रणबीर कपूर और साईं पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ के गाने ‘मंगल रंग’ का कन्नड़ वर्जन ‘मंगल संगम’ अरमान मलिक ने गाया है. हिंदी गाने ‘मंगल रंग’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है.
अब अरमान मलिक ने इस गाने से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया है. कन्नड़ ट्रैक में उनके साथ प्लेबैक सिंगर बेला शेंडे ने भी काम किया है. हालांकि इस वर्जन का साउंड ट्रैक भी एआर रहमान और हंस जिमर ने ही मिलकर कंपोज किया है.
अरमान मलिक बोले – किसी सपने के सच होने जैसा है
अरमान मलिक ने गाने ‘मंगल संगम’ की रिकॉर्डिंग के वक्त का अपना अनुभव साझा किया है. उन्होंने ये गाना इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने से कुछ वक्त पहले रिकॉर्ड किया था, इसलिए वे इस गाने को ए आर रहमान के साथ स्टूडियो में शूट नहीं कर पाए थे.
उन्होंने वैरायटी इंडिया से बातचीत में कहा, ‘रहमान सर ने मुझ पर भरोसा किया ये मेरे लिए सबसे बड़ी तारीफ है. मेरे लिए ये बहुत मायने रखता है कि उन्होंने इतने बड़े प्रोजेक्ट के गाने की बागडोर संभालने दी.’ इसी के साथ उन्होंने कन्नड़ लिरिक्स और डबिंग क्रू टीम को भी क्रेडिट देकर आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ‘कन्नड़ टीम ने ये सुनिश्चित किया कि मेरा हर शब्द और भाषा सही और सम्मानजनक हो.’
अरमान मलिक ने आगे कहा, ‘भारत के धार्मिक इतिहास से जुड़े इतने बड़े प्रोजेक्ट में एआर रहमान और हंस जिमर जैसे लेजेंडरी सिंगर्स और कंपोजर्स के साथ काम करना, किसी सपने के सच होने जैसा है.’
‘धुरंधर 2’ के साउंड ट्रैक की भी की तारीफ
‘धुरंधर 2’ के गानों और साउंड ट्रैक की जिम्मेदारी नेशनल अवॉर्ड विनर म्यूजिशियन शाश्वत सचदेव ने संभाली है. अरमान मलिक ने फिल्म में उनके म्यूजिक की तारीफ करते हुए कहा, ‘धुरंधर 2 का साउंड ट्रैक बहुत सॉलिड है और निश्चित रूप से इस साल के बेस्ट में से एक है.’
उन्होंने ग्रैमी अवॉर्ड्स की एंट्रीज पर भी गर्व करते हुए कहा, ‘हमने इस साल फिल्मों और इंडिपेंडेंट म्यूजिक की कितनी एंट्रीज भेजी हैं, ये देखकर गर्व होता है.’
अरमान मलिक का वर्क फ्रंट
रामायण के गीत ‘मंगला संगमा’ के अलावा अरमान सलीम-सुलेमान के ‘भूमि 2026’ के गाने ‘सबर’ को लेकर भी चर्चा में हैं. उनके हाल ही में रिलीज हुए गानों में ‘प्रेम कीटाणु’ फिल्म का ‘कहो तो’, साउथ फिल्म ‘आई एम गेम’ का गाना ‘आरुगे-आरुगे’ शामिल है.
