उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि प्रभु श्री राम उनके साथ हैं इसलिए उन्हें जीत मिली है. अब बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक कृष्ण दुबे ने इसपर पलटवार किया है.
उन्होंने कहा है कि सपा केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है और अवसरवादी है. उन्होंने ये तक दावा किया कि सपा को अध्यात्म से कोई मतलब नहीं हैं वो आजम खान से सलाह लेने के बाद कुछ दिन का अध्यात्म प्रवचन कर रहे हैं.
UP में किया ये काम तो जिंदगी भर नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, कैरेक्टर सर्टिफिकेट पर लगेगा धब्बा
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा- ये अवसरवादी लोग हैं
बीजेपी प्रवक्ता अभिषेक ने कहा, “देखिए जहां तक समाजवादी पार्टी का सवाल है, समाजवादी पार्टी के लोग भ्रष्टाचार, अराजकता और तुष्टीकरण वाले लोग हैं, इनका अध्यात्म से कोई लेना-देना नहीं है, ये अध्यात्म को, धर्म को चुनावी एटीएम की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं, ये अवसरवादी लोग हैं, चुनाव आया तो भगवान भरोसे हो गए, चुनाव समाप्त हो गया तो वही तुष्टीकरण और वही नमाजवाद, तथाकथित समाजवाद जो कि नमाजवाद है.”
उन्होंने आगे कहा, “आप ये बताइए, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने रामचरितमानस को जलाया और पैर से कुचला, तब कहाँ था उनका ये अध्यात्म? जब कांग्रेस राम को काल्पनिक बताया तब कहां था उनका आध्यात्म? और समाजवादी पार्टी के अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता कहते हैं कि ब्रह्मा, विष्णु, महेश को नहीं मानूंगा तब कहां है अखिलेश यादव जी आपका अध्यात्म? तब कहां हैं आपके ब्रह्मा, विष्णु, महेश, तब कहां है आपकी राम, कृष्ण और शिव की भक्ति?”
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग सिर्फ और सिर्फ तुष्टीकरण जानते हैं, आजम खान से पूछ के आए हैं चाचा क्या करना है, उन्होंने बताया कुछ दिन जो है आप जाइए और अध्यात्म प्रवचन करिए वही कर रहे हैं.
प्रभु का आशीर्वाद समाजवादीयों के साथ हैं पहले अयोध्या जीते अब काशी मथुरा और प्रयागराज भी जीते । हम लोगों के लिये प्रभु आस्था का विषय है प्रभु के आदर्श और आचरण को अपनाते हैं । जो लोग प्रभु के नाम पर राजनीति करते हैं वो लगातार हार रहे हैं । https://t.co/rdVvGZQ7XV
— Dr Anurag bhadouria (@anuragspparty) October 29, 2026
क्या है मामला?
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों में सपा ने 11 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज की है. उसी पर सपा के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने एक्स पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने एक वीडियो में कहा था कि प्रभु का आशीर्वाद समाजवादियों के साथ हैं. पहले अयोध्या जीते अब काशी मथुरा और प्रयागराज भी जीते. हम लोगों के लिये प्रभु आस्था का विषय है प्रभु के आदर्श और आचरण को अपनाते हैं.
भदौरिया ने आगे कहा था कि जो लोग प्रभु के नाम पर राजनीति करते हैं वो लगातार हार रहे हैं. प्रभु हमारे आस्था का विषय हैं, लेकिन बीजेपी उनके नाम पर राजनीति करती है. पहले प्रभु ने इन्हें अयोध्या हराया. अब काशी और प्रयागराज में हराया है क्यों? क्योंकि हम जनता की बात करते हैं, समाज में विकास की बात करते हैं, कैसे छात्रों, किसानों और महिलाओं के साथ न्याय मिले हम इसकी बात करते हैं.
