Headlines

‘नेतृत्व शून्य, नीति शून्य और परिणाम भी’, MLC चुनाव में कांग्रेस के ‘जीरो’ पर फायर हुई बीजेपी


देश के चार बड़े राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर बैलेट पेपर से हुए चुनावों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से हमलावर हो गई है. भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को चुनाव में एक भी सीट पर जीत न मिलने पर पार्टी के नेतृत्व और नीति को भी शून्य करार दिया है.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार (28 अक्टूबर) को X पोस्ट में कहा, ‘लगता है, आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार कांग्रेस के लिए ही किया था. नेतृत्व शून्य, नीति शून्य और परिणाम भी शून्य. अलग-अलग राज्यों में विधान परिषद के चुनाव बैलेट पेपर से हुए, लेकिन कांग्रेस का खाता फिर भी शून्य ही रहा.’

पीयूष गोयल से लेकर जेपी नड्डा तक ने कांग्रेस को चिढ़ाया

वहीं, केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी एक्स पोस्ट में राहुल गांधी की एक तस्वीर साझा कर कांग्रेस की मिली हार पर चुटकी ली. उन्होंने पेट्रोल पंप के मीटर पर जीरो और राहुल गांधी को दिखाते हुए लिखा, ‘जीरो चेक कर लो भाई!’ इसके साथ ही, उन्होंने एक स्माइली इमोजी भी शेयर किया. 

इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने X पोस्ट में कहा, ‘जो लोग लगातार बैलेट पेपर की मांग करते रहते हैं, उन्हें अपना जवाब खुद बैलेट पेपर में ही मिल गया है! चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर कांग्रेस का खाता शून्य पर सिमट गया है. समस्या कभी EVM नहीं थी. समस्या कांग्रेस को जनता की तरफ से नकारना है. हर हार के बाद एक नया बहाना सामने आता है, लेकिन प्रचार का कोई भी तरीका जनता के फैसले को नहीं बदल सकता! उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में मिली शानदार जीत के लिए भाजपा और NDA के सभी नेताओं को हार्दिक बधाई.’

जनता बार-बार कांग्रेस की अराजकतावादी राजनीति को नकार रही- नितिन

वहीं, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने X पोस्ट में कहा, ‘कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश के MLC चुनावों में बैलेट पेपर पर भी कांग्रेस का स्कोर 0! जनता बार-बार कांग्रेस की अराजकतावादी राजनीति को सिरे से नकार रही है. EVM हो या बैलेट, जनता का विश्वास और आशीर्वाद सिर्फ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ है.’

इसके अलावा, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने X पोस्ट में संसद सत्र के दौरान का एक छोटा सा वीडियो क्लिप शेयर किया. वीडियो में अनुराग ठाकुर तंज कसते हुए कह रहे हैं, ‘राहुल जी, जीरो चेक कर लीजिए.’ 

यह भी पढ़ेंः MLC चुनाव: पीएम मोदी का तंज- ‘बैलेट पेपर से चुनाव हुए, अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती?’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *