Headlines

बस्ती के ‘अद्भुत बाबू’ की चर्चा, एक साथ दो जिलों में कर रहा नौकरी


उत्तर प्रदेश में बस्ती मण्डल के संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय में प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. शासन के स्पष्ट आदेशों और स्थानांतरण के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर कनिष्ठ सहायक को मण्डल कार्यालय में अटैच रखने और अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. 

इस संबंध में चन्द्र प्रकाश सिंह निवासी ग्राम बैदौला, पोस्ट भानपुर, जिला बस्ती द्वारा बस्ती मण्डल के आयुक्त महोदय को एक विस्तृत शिकायत पत्र प्रेषित कर उच्चस्तरीय जांच एवं सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.

क्या है पूरा मामला ?

शिकायत के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग के पत्र दिनांक 11 सितम्बर 2026 के माध्यम से संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती मण्डल कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक लिपिक आलोक कुमार का स्थानांतरण राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सालेहपुर, जनपद सन्तकबीरनगर कर दिया गया था. इसके बाद आलोक कुमार उक्त कार्यालय से कार्यमुक्त होकर अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार भी ग्रहण कर चुके हैं. 

इसके बावजूद वे अपने मूल विद्यालय में कार्य करने के बजाय संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक बस्ती मण्डल के कार्यालय में बैठकर ही गुप्त रूप से समस्त शासकीय कार्यों का संचालन कर रहे हैं. यह स्थिति पूरी तरह से नियम विरुद्ध है और शासनादेश की सीधी अवहेलना है.

एक ही कर्मचारी दो जगह कर रहा काम 

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक ही कर्मचारी द्वारा दो स्थानों पर कार्य करने की इस व्यवस्था से कार्यालय में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है और शासन की छवि धूमिल हो रही है. पूर्व में कार्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने पटल सहायक आलोक कुमार को दोषी पाया था, जिसके बाद 23 मार्च 2026 को संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक बस्ती मण्डल आनन्दकर पाण्डेय को पटल सहायक पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था. 

आरोप है कि वर्तमान संयुक्त शिक्षा निदेशक आनन्दकर पाण्डेय ने कथित तौर पर दुरभिसंधि कर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, बल्कि आलोक कुमार से ही कार्यालय के सभी आदेश तैयार कराने लगे और उनके माध्यम से प्रतिवादियों से मोटी रकम वसूलवाई जाने लगी.

यह भी पढ़ें: जालौन में शादी का झांसा देकर युवतियों से ठगी, 3 गिरफ्तार

निष्पक्ष कार्रवाई की मांग 

शिकायतकर्ता ने आयुक्त महोदय से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. आलोक कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके नवीन तैनाती स्थल राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालेहपुर, सन्तकबीरनगर में कार्य करने के लिए बाध्य किया जाए और मण्डल कार्यालय में उनके अनाधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए. इसके अलावा, इस पूरे प्रकरण और अनियमितता में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को आदेशित किया जाए, 

इस प्रकरण को लेकर बस्ती मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक आनंदकर पांडे बताया कि उक्त मामला उनके संज्ञान में है, संबंधित बाबू आलोक कुमार को दो दिन के अंदर रिलीव कर दिया जाएगा. कहा आलोक का स्थानांतरण संतकबीरनगर हुआ है, मगर विभागीय कार्य की अधिकता की वजह से उनसे ऑफिस का काम लिया जा रहा था, मगर अब उन्हें उनके मूल तैनाती स्थल भेज दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव- 2026 का समापन समारोह, CM धामी हुए शामिल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *