Headlines

हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: लगातार चौथी जीत, टीम इंडिया की सेमीफाइनल में धाकड़ एंट्री


टीम इंडिया ने लगातार चौथी जीत के साथ 2026 हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy Punjab 2026) के सेमीफाइनल में जगह बना ली. जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में रविवार (01 नवंबर) को भारत और मलेशिया के बीच मुकाबला खेला गया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह के हैट्रिक गोल की बदौलत टीम इंडिया ने मलेशिया के खिलाफ 4-2 से जीत हासिल की. इससे पहले एशियाई खेलों में भारत ने मलेशिया को फाइनल यानी गोल्ड मेडल मैच में 5-1 से शिकस्त दी थी. 

गौर करने वाली बात यह है कि हारने वाली मलेशिया ने भी सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. चूंकि मलेशिया इससे पहले लगातार 3 मैच जीत चुकी थी. यह टूर्नामेंट में मलेशिया की पहली हार थी. भारत और मलेशिया के अलावा जापान और दक्षिण कोरिया की टीमें भी सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं. 

भारत की दक्षिण कोरिया से भिड़ंत 

राउंड रॉबिन फॉर्मेट के तहत टेबल में टॉप पर मौजूद भारतीय टीम का मुकाबला दक्षिण कोरिया से सोमवार (02 नवंबर) को होगा. वहीं तीसरे और चौथे पायदान पर मौजूद जापान और मलेशिया के बीच भिड़ंत होगी, यह मैच भी सोमवार को खेला जाएगा. 

हरमनप्रीत सिंह की शानदार हैट्रिक 

कप्तान हरमनप्रीत ने तीसरे, 33वें और 58वें मिनट पर गोल दागकर हैट्रिक पूरी की. इसमें दो गोल उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर किए, जबकि एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक से आया. भारत के लिए बाकी एक गोल सुखजीत सिंह ने 43वें मिनट पर किया. 

वहीं मलेशिया के लिए अखिमुल्लाह अनुआर ने 25वें मिनट में और शेलो सिल्वरियस ने 60वें मिनट पर गोल किया. इसके अलावा टीम के बाकी खिलाड़ी गोल के लिए सिर्फ संघर्ष ही करते दिखे. 

शानदार शुरुआत के साथ टीम इंडिया का कमाल 

टीम इंडिया को शानदार शुरुआत मिली. हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में गोल करके टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर में मलेशिया के अखिमुल्लाह ने गोल के साथ स्कोर बराबर कर दिया. तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने एक और गोल किया. क्वार्टर की समाप्ति पर सुखजीत सिंह ने गोल करके भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी. चौथे क्वार्टर में भारतीय कप्तान एक और गोल दागा. यहां उनकी हैट्रिक पूरी हुई. भारत के पास 4-1 की बढ़त हो गई. खेल के अंतिम लम्हों में मलेशिया के सिल्वरियस ने गोल किया. इस तरह भारत ने 4-2 के साथ मैच समाप्त कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की.

 

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड ने बनाया कैच छोड़ने का ‘शर्मनाक’ रिकॉर्ड, भारत के खिलाफ टपकाए 14 कैच



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *