पंजाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रैली को लेकर पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने बड़ा दावा किया है. पायलट ने कहा कि कल की रैली काफी अहम होने वाली है और इसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे.
सचिन पायलट ने चंडीगढ़ में कहा, “राहुल गांधी जी और मल्लिकार्जुन खरगे जी कल संगरूर आ रहे हैं, जहां कांग्रेस एक ‘इंसाफ रैली’ आयोजित कर रही है. यह रैली पंजाब के उन लोगों को न्याय दिलाने के लिए की जा रही है, जिनसे आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बदलाव का वादा किया था, लेकिन पिछले साढ़े चार सालों में उन्हें सिर्फ धोखा ही मिला है. राज्य को अंधेरे की ओर धकेला जा रहा है, और पंजाब में आज जो हालात हैं, वे पहले कभी नहीं देखे गए.”
‘राहुल गांधी देंगे बड़ा संदेश’
उन्होंने आगे कहा, “कल राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस की ओर से पंजाब की जनता को यह संदेश देंगे कि हम उनके साथ खड़े हैं. हम उन परिवारों के साथ खड़े होंगे जिन्होंने अपनों को खो दिया है, जिनकी जिंदगी नशे की वजह से बर्बाद हो गई है और जो आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. हम किसानों, युवाओं और प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला देने आ रहे हैं.”
‘आप नेताओं को ही पार्टी पर भरोसा नहीं, जनता कैसे करे’
सत्तारूढ पार्टी पर निशाना साधते हुए सचिन पायलट ने कहा, “आम आदमी पार्टी सत्ता में है, लेकिन उनके अपने ही सांसद और विधायक एक-एक करके पार्टी छोड़ रहे हैं. अगर आपके अपने सांसद और विधायकों को ही आप पर भरोसा नहीं है, तो पंजाब की जनता आप पर कैसे भरोसा कर सकती है.”
‘महत्वपूर्ण होगी रैली’
उन्होंने ये भी कहा, “कल की रैली बहुत महत्वपूर्ण होगी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राज्य भर के लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है. युवाओं ने सब कुछ देखा है और वे समझते हैं कि अगर कोई पार्टी पंजाब को फिर से तरक्की के रास्ते पर ला सकती है, तो वह कांग्रेस ही है.”
ये भी पढ़ें: ‘पंजाब में पंडितों की संस्कृत पर पकड़ नहीं…’, पूर्व CM चन्नी का बड़ा बयान
