सोशल मीडिया पर इन दिनों फूड इन्फ्लुएंसर उल्हास कामठे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिन्हें लोग चिकन लेग पीस के नाम से भी जानते हैं. कुछ समय पहले उनकी तबीयत बिगड़ने और उन्हें अस्पताल ले जाने का वीडियो सामने आया था. इसके बाद इंटरनेट पर उनके हार्ट अटैक से निधन की खबरें फैलने लगीं. इस खबर ने उनके चाहने वालों को परेशान कर दिया. अब उल्हास ने खुद सामने आकर इन खबरों को गलत बताया है. उन्होंने एक वीडियो शेयर करके साफ किया कि वह बिल्कुल ठीक हैं और उनके साथ हुई घटना की पूरी कहानी कुछ और ही है.
हॉरर फिल्म का सीन देखकर बिगड़ी थी तबीयत
यह पूरा मामला हॉरर फिल्म ‘झाड़-फूंक’ के प्रीमियर से जुड़ा है. फिल्म के निर्देशक राजन वर्मा और उनकी टीम के मुताबिक, उल्हास को फिल्म देखने के लिए बुलाया गया था. शुरुआत में वह हॉरर फिल्म देखने को लेकर तैयार नहीं थे, लेकिन टीम के कहने पर प्रीमियर में पहुंच गए. फिल्म के दौरान एक डरावना सीन देखते ही उन्हें अचानक बहुत घबराहट होने लगी. उन्हें पैनिक अटैक आया और वह बेहोश हो गए. वहां मौजूद फिल्म की टीम ने तुरंत उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल पहुंचाया. जांच के बाद उनकी हालत ठीक पाई गई और कुछ समय बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
यह भी पढ़ें : लैंडिंग के वक्त हवा में टकराए हेलिकॉप्टर, तबाही देख कांपे यूजर्स
अस्पताल के वीडियो से फैल गई मौत की अफवाह
उल्हास के अस्पताल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने बिना पूरी जानकारी के उनके निधन और हार्ट अटैक के दावे करने शुरू कर दिए. देखते ही देखते यह खबर कई जगह फैल गई. इसके बाद उल्हास ने फिल्म की टीम के साथ एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने बताया कि वह जिंदा हैं और पूरी तरह ठीक हैं. वीडियो में डायरेक्टर राजन वर्मा और टीम के अन्य सदस्य भी नजर आए. उन्होंने भी बताया कि उल्हास को हार्ट अटैक नहीं आया था, बल्कि फिल्म के डरावने सीन के कारण उन्हें घबराहट हुई थी. इसके बाद अस्पताल वाले वीडियो की असली वजह सामने आ गई.
मौत की खबर सुनकर परेशान हुए यूजर्स
उल्हास का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग राहत जता रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि उन्हें यह जानकर अच्छा लगा कि ‘चिकन लेग पीस’ बिल्कुल ठीक हैं. कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भाई, ऐसे अचानक गायब मत हुआ करो, फैंस डर जाते हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने बिना पुष्टि के किसी की मौत की खबर फैलाने वालों को भी नसीहत दी. लोगों का कहना है कि किसी अस्पताल के वीडियो को देखकर तुरंत ऐसी खबरें फैलाना ठीक नहीं है. पहले पूरी जानकारी लेनी चाहिए, क्योंकि ऐसी अफवाहों से परिवार और चाहने वालों को बेवजह परेशानी होती है.
यह भी पढ़ें : बंदूक चल गी तेरी…लहंगा पहन हसीना ने ढाया कहर, कुंवारों की हालत खराब
