जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग पॉइंट (0 डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला गया है, जिससे ठंड काफी बढ़ गई है. कश्मीर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात शोपियां में दर्ज की गई, जहां तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
वहीं, पूरी घाटी में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट के आसपास बना हुआ है. लद्दाख के लेह में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पुलवामा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 0.0 डिग्री सेल्सियस और कोकेरनाग में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कहां कितना हा तापमान
विभाग के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि काजीगुंड में भी तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कुपवाड़ा में 1.5 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. श्रीनगर एयरपोर्ट पर 0.8 डिग्री सेल्सियस और सोनमर्ग में 0.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बडगाम और कोनिबल पम्पोर में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा. बारामूला में 3.7 डिग्री सेल्सियस और कुलगाम में 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
जम्मू संभाग में, जम्मू एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस और कठुआ में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जम्मू शहर और कटरा, दोनों जगहों पर तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा. भदरवाह में 4.8 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 6.7 डिग्री सेल्सियस, राजौरी में 7.2 डिग्री सेल्सियस और किश्तवाड़ में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
लद्दाख में शून्य से नीचे तापमान
इस बीच, लद्दाख में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है. लेह में माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सबसे कम है. कारगिल में माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस और नुब्रा घाटी में माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी
वहीं, मौसम विभाग ने बताया है कि इस हफ्ते शुष्क मौसम रहने के बाद, आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का एक नया दौर देखने को मिलेगा. एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) 10 से 13 नवंबर के बीच जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश ला सकता है. वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है.
