Headlines

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग, हत्या, वसूली समेत कई अपराध, US में हैरी बॉक्सर गिरफ्तार


अमेरिका में लॉरेन्स गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया गया है. हैरी बॉक्सर पर हत्या, धमकी, रंगदारी वसूलने समते कई केस दर्ज हैं. इसके अलावा फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी भी हैरी बॉक्सर ने ली थी.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इनपुट के आधार पर लॉरेन्स गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है. हैरी बॉक्सर ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर और ऑडियो के जरिए बॉलीवुड के लोगों को धमकी दी थी. हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर वहां से अपने गैंग की गतिविधियां संचालित करता था. अमेरिका की आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के एजेंटों ने गैंगस्टर को कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है. 

हैरी से पहले कौन-कौन हो चुका है गिरफ्तार
हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया गया था. इन दोनों पर भी भारत में कई आपराधिक केस दर्ज बताए गए हैं. अमेरिका-यूरोप समेत कई अन्य देशों में बैठकर भारत में अपराध चलाने वाले गैंगस्टरों पर लगातार कार्रवाई जारी है. 

कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है, जो कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक्टिव गुर्गा है. ये मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है. जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, इसी वजह से उसे बॉक्सर नाम मिला. शुरुआत में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में आ गया.

रोहित शेट्टी के घर कब हुई थी फायरिंग
बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर 1 फरवरी 2026 की देर रात फायरिंग हुई थी. हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं. बता दें कि फायरिंग की उस घटना के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर में ही मौजूद थे. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था.

इस फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी. इसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. इस पोस्ट में कहा गया था कि उन्हें पहले भी वार्निंग दी गई थी लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया. 

ये भी पढ़ें

पेरियार के नाम पर फर्जीवाड़ा, लाइब्रेरी में AI से लिखी किताबें होने का दावा, जानें मामला



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *