Headlines

देशभर में दिवाली की धूम, जवानों संग पीएम मोदी जलाएंगे दीए, दुनियाभर से दीपोत्सव की मिली बधाई


देशभर में दीपावली को लेकर जश्न का माहौल है. अयोध्या में शनिवार को 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है. सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए गए. राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो से रामायण दिखाई गई. इस दौरान करीब 2100 ड्रोन से स्पेशल शो किया गया. इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री मौजूद थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी वह देश के बहादुर जवानों के साथ यह त्योहार मनाएंगे.

प्रधानमंत्री की यह परंपरा साल 2014 से लगातार जारी है. उन्होंने 2014 में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन बेस कैंप से इसकी शुरुआत की थी. इसके बाद 2015 में अमृतसर के पास पंजाब सेक्टर, 2016 में हिमाचल प्रदेश में चीन सीमा के पास सुमदोह, 2017 में जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर और 2018 में उत्तराखंड के हर्षिल में जवानों संग दिवाली मनाई.

पीएम मोदी ने देशवासियों को दिवाली की बधाई दी

वहीं प्रधानमंत्री ने 2019 में नियंत्रण रेखा (LoC) पर स्थित राजौरी, 2020 में राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला, 2021 में जम्मू-कश्मीर के नौशेरा, 2022 में कारगिल, 2023 में हिमाचल प्रदेश के लेप्चा, 2024 में गुजरात के कच्छ स्थित सिर क्रीक और 2025 में गोवा-कारवार तट पर स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर नौसेना जवानों के साथ दिवाली मनाई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 50 सेकंड का एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. पारंपरिक परिधान और माथे पर तिलक लगाए पीएम मोदी ने कहा कि दीपोत्सव का यह पावन त्योहार अंधेरे के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने प्रार्थना की कि दिवाली और आने वाले दिन सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं. 

दुनियाभर से दीपात्सव की मिली बधाई

दुनियाभर के कई देशों और नेताओं ने भारत और देशवासियों को दीपावली अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं. व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पारंपरिक दीया जलाकर दिवाली मनाई. इस कार्यक्रम में भारतीय-अमेरिकी कम्युनिटी के कई प्रमुख लोग शामिल हुए. अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा भी ओवल ऑफिस में इस दौरान मौजूद रहे. भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन एरिक ने अपनी पहली दिवाली मनाई. भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत, जीन एरिक ने अपनी पहली दिवाली मनाई. 

भारत में कोरियाई दूतावास ने एक विशेष दीया सजाने की वर्कशॉप का आयोजन कर दिवाली का उत्सव मनाया. दुबई में वर्ल्ड कम्युनिटी ने दिवाली का जश्न मनाया. दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने FOI इवेंट्स के साथ मिलकर एक वैश्विक दिवाली समारोह का आयोजन किया. इसमें राजनयिकों, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों और भारतीय कम्युनिटी के लोगों ने हिस्सा लिया.

जवानों के बीच पहुंचे राजनाथ सिंह

दीपावली की पूर्व संध्या पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम बंगाल के बागडोगरा वायुसेना अड्डे पर जवानों के बीच पहुंचकर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास और सेना की अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया. जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आधुनिक समय में युद्ध का स्वरूप बदल चुका है और यह अब केवल पारंपरिक सीमापार गोलीबारी तक सीमित नहीं रह गया है.

रक्षा मंत्री ने आगाह किया कि विरोधी अब सीधे संघर्ष से बचने की कोशिश करते हैं और देश की कमजोरियों का फायदा उठाने की ताक में रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘आज के युद्ध में साइबर हमले, ड्रोन हमले, छद्म युद्ध और सोशल मीडिया के जरिए फैलाए जाने वाले प्रोपेगैंडा शामिल हो चुके हैं. दुश्मन सोशल मीडिया से भ्रामक खबरें फैलाकर आम लोगों और सैनिकों के बीच संदेह के बीज बोने का प्रयास करता है. ऐसे में सैनिकों को अभियान क्षेत्र के साथ-साथ साइबर और सूचना संबंधी उभरते खतरों से निपटने के लिए भी हर समय सजग रहना होगा.’

दीपोत्सव समारोह में सीएम योगी

वहीं अयोध्या दीपोत्सव समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दशकों लंबे संघर्ष, कारसेवकों और संतों के बलिदानों को याद किया. उन्होंने कहा, ‘अतीत में अयोध्या में कभी एयरपोर्ट नहीं बन सका, लेकिन आज यहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित हो चुका है. सीएम योगी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, ‘जिन्होंने कभी हमारा अनादर किया, प्रभु श्री राम के भक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठियां बरसाईं. यदि वे कभी अयोध्या आते हैं, तो उन्हें पहले माफी मांगनी होगी. वे श्री राम भक्तों और संतों से अपने अतीत के कृत्यों के लिए पश्चाताप और क्षमा याचना करें.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *