भारत में इस वक्त हर तरफ दीपावली के त्योहार की रौनक है. इस बीच ईरान ने भारत और भारत के लोगों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी हैं. भारत में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के राजदूत महामहिम डॉ. मोहम्मद फतहाली ने एक वीडियो मैसेज जारी कर देश के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं.
ईरानी दूतावास ने शनिवार (7 नवंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो मैसेज जारी किया. मोहम्मद फतहाली ने वीडियो मैसेज में कहा, ‘दिवाली अंधकार पर रौशनी और बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है. यह सुंदर संदेश भारत और ईरान, दोनों की एशियाई परंपराओं में गहराई से बसा हुआ है.’
ईरान की पौराणिक कथाओं के जरिए भी यही संदेश दिया जाता है- डॉ. फतहाली
डॉ. मोहम्मद फतहाली ने कहा, ‘ईरानी पौराणिक कथाओं में भी ऐसा ही प्रसंग मिलता है, जब फरीदून ने अत्याचारी हच को हराकर अन्याय और अंधकार का अंत किया था. पवित्र कुरान भी हमें याद दिलाता है कि अल्लाह भरोसा करने वालों का संरक्षक है और उन्हें अंधकार से निकालकर रौशनी की तरफ ले जाता है.’
H.E. Dr. Mohammad Fathali, Ambassador of the Islamic Republic of Iran to India, Extends Diwali Greetings to the Government and People of India. #Diwali #Diwali2026 https://t.co/2mySOhSzAu
— Iran in India (@Iran_in_India) November 7, 2026
उन्होंने कहा, ‘ईरान के लोग हमेशा से उत्पीड़न और अंधकार के खिलाफ खड़े रहे हैं. पिछले सालों में ईश्वर के प्रति आस्था, नेतृत्व और अपने सशस्त्र बलों की ताकत के दम पर ईरान ने परमाणु शक्तियों के सामने भी उल्लेखनीय दृढ़ता का प्रदर्शन किया है.’
भारत की सरकार और जनता को ईरान की तरफ से मिला बधाई संदेश
डॉ. फतहाली ने कहा, ‘भारत और ईरान के बीच लंबे समय से दोस्ती और गहरे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध रहे हैं.’ इस बेहद खास मौके पर उन्होंने भारत की मित्र सरकार और देश की महान जनता को हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कामना की कि दिवाली हर घर में शांति, समृद्धि, खुशियां और नई उम्मीद लेकर आए. इसके बाद संदेश के आखिर में उन्होंने हिंदी भाषा में ‘शुभ दीपावली’ कहकर बधाई दी.
यह भी पढ़ेंः PM मोदी ने दिवाली की दीं शुभकामनाएं, शेयर किया वीडियो मैसेज, कहा- ‘रोशनी से जगमगा रहा देश’
