Headlines

‘ये नहीं चलेगा बंगाल में सिर्फ मंदिर…’, तीर्थक्षेत्र सर्किट के ऐलान पर अधीर रंजन का रिएक्शन


पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तरफ से राज्य में प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 1,000 करोड़ रुपये के ‘तीर्थक्षेत्र सर्किट’ की घोषणा पर कांग्रेस पार्टी ने रविवार (8 नवंबर, 2026) को प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की घोषणा पर कहा कि सिर्फ मंदिर ही क्यों? हमारे बंगाल में चर्च, गुरुद्वारा और मस्जिदें भी हैं. सिर्फ मंदिरों के लिए ही पैसा क्यों दिया जा रहा है?

उन्होंने कहा कि सरकार जो पैसा कमाती है, उसे कमाने के लिए हमारे राज्य के हर धर्म के लोग को टैक्स भरना पड़ता है और सरकार इस सार्वजनिक धन का इस्तेमाल ऐसे खर्चों के लिए करती है.

कांग्रेस नेता का शुभेंदु सरकार पर हमला

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली BJP सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘सरकार चलाने का मतलब यह नहीं है कि आम लोगों के दिए पैसे का इस्तेमाल सरकार जब चाहे, जहां चाहे और जैसे चाहे कर सकती है. अगर ऐसा करना ही है तो फिर सारे मजहबों के लिए करना है. हमारा देश सिर्फ एक मजहब का देश नहीं है.’ 

उन्होंने कहा, ‘आज काली पूजा और दिवाली का दिन है. मैं कहना चाहूंगा कि आज मजहब की दीवारों को तोड़कर नफरत का माहौल बनाना सही नहीं है. ये नहीं चलेगा. बंगाल में सिर्फ मंदिर ही क्यों? यहां सैकड़ों मस्जिदें, चर्च और गुरुद्वारे भी हैं. अन्यथा इससे ऐसा लगता है कि ये बंगाल सरकार सिर्फ हिंदुओं की सरकार है. यह ठीक नहीं है. सरकार को सबको मिलाकर और सबको बांटकर चलना चाहिए.’

CM शुभेंदु अधिकारी ने क्या की घोषणा?

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार (6 नवंबर, 2026) को राज्य के पुराने हिंदू मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 1,000 करोड़ रुपये के ‘तीर्थक्षेत्र सर्किट’ या ‘तीर्थयात्रा सर्किट’ बनाने का ऐलान किया. इस रकम का इस्तेमाल अगले दो सालों में बंगाल के प्राचीन मंदिरों और मठों के जीर्णोद्धार के लिए किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने राज्य के नदिया जिले में एक सामुदायिक काली पूजा के उद्घाटन के दौरान कहा, ‘पश्चिम बंगाल सरकार अगले दो सालों में सभी पुराने मंदिरों के जीर्णोद्धार पर 1,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी. मैंने इसका नाम ‘तीर्थक्षेत्र सर्किट’ रखा है. प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार धार्मिक संस्थाओं और आम लोगों के सहयोग से किया जाएगा.’ 

यह भी पढ़ेंः PM मोदी ने रेवंत रेड्डी को दी जन्मदिन की बधाई, तेलंगाना CM ने क्या दिया जवाब



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *