बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार (9 नवंबर 2026) को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनके जन्मदिन को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है. पटना से लेकर राज्य के अलग-अलग जिला कार्यालयों तक जश्न की तैयारी की गई है. तेजस्वी ने जन्मदिन की शुरुआत आधी रात को परिवार के साथ केक काटकर की. इस दौरान उनके माता-पिता, भाई और बहन सहित परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे.
आधी रात को तेजस्वी यादव के आवास पर जन्मदिन का आयोजन हुआ. इसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े भाई तेज प्रताप यादव और पत्नी राजश्री शामिल हुईं. परिवार के सदस्यों ने तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी. सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की. इस दौरान घर में खुशी का माहौल रहा. खास बात ये रही कि पूरा परिवार मौजूद रहा.
यह भी पढ़ें- मनीष कश्यप कब करेंगे शादी? जानें कैसे हुई थी अनुष्का से मुलाकात
मीसा भारती ने केक खिलाकर दिया आशीर्वाद
तेजस्वी की बड़ी बहन और सांसद मीसा भारती ने उन्हें केक खिलाया. उन्होंने छोटे भाई को जन्मदिन की बधाई और आशीर्वाद दिया. परिवार के साथ केक काटने के बाद तेजस्वी को शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर भी समर्थक और पार्टी नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं.
RJD कार्यालय में कटेगा 37 पाउंड का केक
खबर है कि जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित आरजेडी के प्रदेश कार्यालय में विशेष कार्यक्रम रखा गया है. यहां 37 पाउंड का केक काटकर जन्मदिन मनाया जाएगा. इस आयोजन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और युवा नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे. जिला कार्यालयों में भी जन्मदिन मनाने की तैयारी की गई है.
1989 में हुआ था तेजस्वी यादव का जन्म
बता दें कि तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को हुआ था. वह बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं. फिलहाल वह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. नेता और समर्थक उनके स्वस्थ जीवन के साथ लंबी राजनीतिक पारी की कामना कर रहे हैं. जन्मदिन के बहाने राजद कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का मौका भी मिला है.
यह भी पढ़ें- नालंदा: अंधविश्वास के शक में खूनी वारदात! लाठी-डंडों से पीटकर पड़ोसी की हत्या
