राजस्थान के पिंक सिटी जयपुर में मदरसे के मौलाना द्वारा वहां पढ़ने के लिए आई 18 साल की युवती का ब्रेनवॉश उससे दूसरा निकाह किए जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का बाप होने के बावजूद चतरा से दूसरा निकाह किए जाने का मामला अब कोर्ट परिसर में हंगामे और आरोपी के साथ जमकर मारपीट तक पहुंच गया है.
कोर्ट में आरोपी मौलाना की पेशी के दौरान लड़की के परिजनों और दूसरे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने कोर्ट परिसर में मौलाना को घेर लिया और पुलिस कस्टडी में लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी. पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि मौलाना को बचाने में पुलिस को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. कोर्ट परिसर में हुए इस हंगामे के दौरान मौलाना को लोगों ने जमकर पीटा. मौलाना की पिटाई का वीडियो अब दो दिन बाद सामने आया है.
यह भी पढ़ें: ‘विरोधियों को राम की याद आना मजबूरी’, अखिलेश यादव पर VHP का तंज
क्या है पूरा मामला ?
जयपुर पुलिस के मुताबिक, आयशा नाम की 18 साल की युवती मदरसे में पढ़ने के लिए आती थी. आरोप है कि इसी दौरान मौलाना वकार अहमद ने उसका ब्रेनवॉश कर दिया. मदरसे में पढ़ने आने वाली आयशा कुछ ही दिन में मौलाना के करीब आ गई. खास बात यह है कि मौलाना वकार अहमद पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है. युवती के परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रही और उसने कुछ दिन पहले मौलाना से चुपचाप निकाह कर लिया.
परिवार के साथ स्थानीय लोग भी नाराज
निकाह की जानकारी मिलने पर परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दर्ज करवाई. इस पर युवती ने खुद के बालिग होने का दावा करते हुए मौलाना से निकाह होने की बात का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. युवती के वीडियो की वजह से पुलिस ने सिर्फ शांति भंग के मामले में कार्रवाई की. हालांकि मौलाना के इस कदम का परिवार वालों के साथ ही स्थानीय लोग भी जमकर विरोध कर रहे थे.
कोर्ट में पेशी के दौरान मौलाना की पिटाई
जानकारी के मुताबिक जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाने की पुलिस ने शांति भंग के आरोप में मौलाना वकार अहमद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार की दोपहर को उसे कोर्ट में पेश किया. इस दौरान युवती आयशा के परिवार वालों के साथ ही इलाके के भी कुछ लोग मौजूद थे. पेशी के दौरान लड़की के परिजनों और दूसरे लोगों ने कोर्ट परिसर में मौलाना को घेर लिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी. लोगों के गुस्से के आगे पुलिस भी मौलाना को बचाने में नाकाम नजर आई. इस दौरान किसी ने पिटाई का वीडियो मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया, जो आज सामने आया है.
कोर्ट में पेशी के बाद जमानतदार नहीं आने के कारण मौलाना को जेल भेज दिया गया था. हालांकि कुछ घंटे बाद उसे जमानत मिल गई और वह शनिवार शाम ही जेल से रिहा भी हो गया. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मदरसे में पढ़ने वाली लड़की और तीन बच्चों के पिता मौलाना के निकाह का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना रहा.
मदरसों को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं. इस घटना के सामने आने के बाद मदरसे में पढ़ने के लिए आने वाली लड़कियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के कटघरे में है. मामले में तूल पकड़ने के बाद पुलिस अब निकाह करने वाली युवती का बयान दर्ज करने और उसके बालिग होने का सबूत तलाश रही है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में दर्दनाक हादसा, सेना के ट्रक को ट्रेलर ने मारी टक्कर, हवलदार की मौत
