लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में कथित तौर से पुलिस की प्रताड़ना से परेशान एक ड्राइवर ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक ने जान देने से पहले अपने परिवार को एक के बाद एक करके छह वीडियो भेजे. इसमें उसने दो महिलाओं पर चोरी के झूठे आरोप में फंसाने और पुलिसकर्मियों पर चौकी में गाली-गलौज करने के साथ एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया. मृतक ने वीडियो में कहा कि उसने कोई चोरी नहीं की, फिर भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना है वो दो लड़कियों के संपर्क में था जो उसे प्रताड़ित कर रही थीं, जिसके खिलाफ मुकदमा लिखा गया है. पुलिस पर जो आरोप लगे हैं, उसकी जांच एसीपी बाजारखाला को सौंपी गई है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
12 लाख रुपये की चोरी का आरोप
ठाकुरगंज के लालबाग निवासी मनीष देशराज उर्फ छोटू (38) ट्रैवल कारोबार में अपनी गाड़ी चलाते थे. परिवार में पत्नी पिंकी और दो बेटे युवी व ऋषभ हैं. मनीष पिछले दो साल से नेहा और सपना नाम की महिलाओं को गाड़ी से लाने-ले जाने का काम करते थे. आरोप है कि दो दिन पहले दोनों महिलाओं ने उन पर 12 लाख रुपये की चोरी का आरोप लगाया था. इसके बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था.
वीडियो में गोली मारने की धमकी देने का आरोप
मनीष देशराज ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि भुवर चौकी पर बुलाने के बाद पुलिसकर्मी उन्हें पारा की शाहदरा चौकी ले गए. वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और एनकाउंटर कर गोली मारने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी बार-बार गोली मारने की बात कह रहे थे। इससे वह बुरी तरह डर गए थे. उनका कहना था कि जब उन्होंने कोई चोरी नहीं की तो वह पैसे क्यों दें.
मनीष ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि सपना और उसके परिवार के लोग लगातार फोन कर उन्हें धमका रहे थे. फोन पर चौकी में बंधवाकर मारने की बात कही जा रही थी. उन्होंने कहा कि वह पुलिस से दूर रहते थे, लेकिन इस मामले में लगातार फंसते चले गए.
वीडियो में परिवार से मांगी माफी
रविवार (08 नवंबर) दोपहर करीब एक बजे मनीष घर से निकले थे. शाम करीब पांच बजे उन्होंने परिवार को छह वीडियो भेजे. इनमें उन्होंने अपनी मां, पांचों भाइयों, बहनों, पत्नी और बच्चों से माफी मांगी. एक वीडियो में कहा कि उनका दिमाग काम नहीं कर रहा है और वह पूरी तरह मजबूर हो चुके हैं. उन्होंने परिवार से अपील की है कि उनके जाने के बाद किसी को परेशान न किया जाए.
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनके पापा वापस नहीं आएंगे. वीडियो में उन्होंने मोबाइल का लॉक खोलने और सभी वीडियो देखने की बात भी कही. परिवार को वीडियो मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू हुई और पुलिस को सूचना दी गई.
गोलू के लापता होने के मामले में फंसाने का आरोप
मनीष ने वीडियो में गोलू और नेहा से जुड़े एक पुराने मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि एक वकील का कमरा किराये पर दिया था. एक दिन गोलू और नेहा के बीच विवाद हुआ तो वह मौके पर पहुंचे थे और दोनों को समझाकर लौट आए थे. बाद में गोलू के लापता होने की जानकारी मिली. मनीष का आरोप था कि इस मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं थी, इसके बावजूद उन्हें आरोपी बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा था.
‘बाबरी- बाटला हाउस पर आंसू, कश्मीरी पंडितों- सिखों के नरसंहार पर चुप्पी क्यों’: बृजलाल
