कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया है. इसके बाद से सियासी बयानबाजी लगातार जारी है. एनडीए के सहयोगी RLD के नेता केसी त्यागी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इमरजेंसी और उससे पहले इंदिरा गांधी के शासनकाल में हमारे नेता और हम भी इसी तरह के आरोप लगाया करते थे.
यूपी के हापुड़ में मीडिया से बातचीत में RLD नेता केसी त्यागी ने कहा, ”राहुल गांधी संसद की अवमानना करने पर लगे हुए हैं. इन सारे सवालों पर उनको पीएम मोदी जी से बहस संसद में करनी चाहिए. जब हमलोग विपक्ष में थे तो राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी और उनकी दादी इंदिरा गांधी जी के शासनकाल के दौरान हमलोगों ने भी इस तरह के आरोप लगाए. इसलिए संसद का सत्र चलने वाला है. वो आएं और इन सवालों पर बहस करें, वही सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है.”
ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टी के गठबंधन पर क्या बोले केसी त्यागी?
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टी के गठबंधन के सवाल पर केसी त्यागी ने कहा, ”इस गठबंधन का एनडीए पर कोई असर नहीं पड़ेगा. ये सिर्फ सीमित वोटों को प्राप्त करने के लिए किया जा रहा है. जिन पर असर पड़ेगा वो रिएक्ट कर रहे हैं, हम रिएक्ट नहीं कर रहे हैं.” वहीं बीएसपी को लेकर उन्होंने कहा कि अब बसपा की कोई क्रेडिबिलिटी बची नहीं है.
अखिलेश के अयोध्या जाने के सवाल पर केसी त्यागी ने क्या कहा?
वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के सवाल पर आरएलडी नेता केसी त्यागी ने कहा, ”सभी को अयोध्या जाना चाहिए. जो भी हिंदुस्तानी हैं वो सभी अयोध्या जाएं. यह भगवान राम का स्थान है.” गौरतलब है कि यूपी चुनाव से कुछ महीने पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ राम मंदिर के दर्शन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
‘PM मोदी घबराए हुए हैं’, राहुल गांधी के फोन टैपिंग के दावे पर बोले अजय राय
