Headlines

विजय सेतुपति स्टारर ‘पॉकेट नोवेल’ की हिंदी रिलीज का हुआ ऐलान, पोस्टर जारी


विजय सेतुपति स्टारर फिल्म ‘पॉकेट नोवेल’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है. करीब एक हफ्ते पहले मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था. अब उन्होंने इसके हिंदी वर्जन की रिलीज की भी पुष्टि कर दी है. इसके साथ ही फिल्म का हिंदी पोस्टर भी जारी किया गया है.

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर हिंदी पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि ‘पॉकेट नोवेल’ सिर्फ तमिल ही नहीं, बल्कि हिंदी समेत पांच भाषाओं में रिलीज होगी. पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, ‘आप पोंगल, लोहड़ी, संक्रांति या मकर संक्रांति, चाहे जिस भी त्योहार के साथ जश्न मनाएं, उत्साह एक जैसा ही है. इस पोंगल, लोहड़ी, संक्रांति और मकर संक्रांति पर थियागराजन कुमारराजा की ‘पॉकेट नोवेल’ हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और तमिल में आ रही है.’

क्या है फिल्म का प्लॉट?

अभी तक मेकर्स ने फिल्म की कहानी या प्लॉट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है. फिल्म का टाइटल ‘पॉकेट नोवेल’ है और पोस्टर भी टाइटल से मिलता – जुलता हुआ दिख रहा है.

पोस्टर देखकर ऐसा लगता है मानो किसी किताब का कवर आपको थमा दिया गया हो. पोस्टर में किसी एचडी इफेक्ट के बजाय विजय सेतुपति के साथ फिल्म के दूसरे मुख्य किरदारों का नॉर्मल सा स्केच दिखाई देता है.

कब रिलीज होगी ‘पॉकेट नोवेल’?

करीब एक हफ्ते पहले 6 नवंबर को फिल्म की रिलीज डेट सामने आई थी. विजय सेतुपति ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए बताया था कि यह फिल्म 14 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. ‘सुपर डीलक्स’ और ‘आरन्या कांडम’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले डायरेक्टर थियागराजन कुमारराजा ने इस फिल्म को बनाया है.

विजय सेतुपति के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अक्टूबर में पूरी हो चुकी है. ‘पॉकेट नोवेल’ में विजय सेतुपति के अलावा राज बी शेट्टी, मालविका मोहनन और किशोर भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले एंड्रयू लुईस ने लिखी है.

इस फिल्म का निर्माण थियागराजन कुमारराजा और एसडी एझिलमथी ने टायलर डर्डन और किनो फेस्ट के बैनर तले किया है. वहीं, फिल्म के सिनेमैटोग्राफर निरव शाह हैं और एडिटिंग की जिम्मेदारी सत्यराज नटराजन ने संभाली है.

इलैयाराजा की जगह जीवी प्रकाश कुमार ने संभाली संगीत की कमान

शुरुआत में इस फिल्म के म्यूजिक के लिए मशहूर संगीतकार इलैयाराजा को चुना गया था, लेकिन बाद में उन्होंने इस प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया. इसके बाद जीवी प्रकाश कुमार ने फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी संभाली.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *